Friday, May 15, 2026
Hometrendingराहुल की बात पर राजस्‍थान में तेज हुए सियासी बयानों के बाण,...

राहुल की बात पर राजस्‍थान में तेज हुए सियासी बयानों के बाण, जोशी के बाद अब गहलोत-डोटासरा बोले

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com लोकसभा के प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी की ओर से विदेश में दिए गए बयान को लेकर राजस्‍थान में सियासी गर्माहट तेज हो गई है। आपको बता दें कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष सीपी जोशी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से राहुल गांधी का पासपोर्ट रद्द करने की मांग की। इस पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी मोर्चा संभाल लिया। इन दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया एक्स पर जोशी के बयानों को हास्यास्पद बताया।

इससे पहले सीपी जोशी ने स्‍पीकर ओम बिड़ला को पत्र लिखा। इसमें राहुल गांधी को देश के लिए खतरा बताया और उनका पासपोर्ट निरस्त करने तक की मांग कर डाली। जोशी ने पत्र में लिखा कि “राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति का नेता विपक्ष के पद पर रहना देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। और उनकी गतिविधियों को देखकर स्पष्ट हो जाता है कि वे देश विरोधी ताकतों के हाथों खेल रहे हैं। राहुल गांधी के बयान राजनीतिक नहीं बल्कि विशुद्ध तौर पर देश विरोधी गतिविधियों के दायरे में आते हैं। जो उनके आचरण को संदिग्ध बनाता है।

इधर, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि चित्तौडगढ़़ सांसद सीपी जोशी का नेता विपक्ष राहुल गांधी के बारे में लोकसभा स्पीकर को लिखा गया पत्र ना सिर्फ हास्यास्पद है बल्कि शरारतपूर्ण है। राहुल गांधी ने अमेरिका में सिख समाज एवं दलित वर्ग के बारे में जो कहा उसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। राहुल गांधी ने जो कहा उसे देशवासियों ने सुना है और उसमें कुछ भी ऐसा नहीं था जैसा भाजपा पेश करने की कोशिश कर रही है। भाजपा केवल राहुल गांधी को बदनाम करने का असफल प्रयास कर रही है। राहुल गांधी भारत देश के युवा, किसान, मजदूर, दलित, अल्पसंख्यक समेत हर वर्ग की आवाज हैं और उनकी भावनाओं को दुनिया के सामने रखना उनका कर्तव्य है।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया कि “भाजपा नेताओं में कुर्सी की लोलुपता में चमचागिरी और चाटुकारिता की पराकाष्ठा पार करने होड़ लगी है। नेता प्रतिपक्ष के संदर्भ में चित्तौडगढ़़ से भाजपा सांसद द्वारा लोकसभा अध्यक्ष को लिखा गया और वायरल कराया गया पत्र इसका नमूना है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!