बीकानेर Abhayindia.com राजधानी जयपुर में आयोजित 24वीं राजस्थान राज्य राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैम्पियनशिप-2026 में बीकानेर के अनुभवी पिस्टल शूटर रवि व्यास ने शानदार प्रदर्शन करने पर केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है। मंत्री मेघवाल ने रवि व्यास को भेजे अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि 24वीं राजस्थान राजय राइफल एवं पिस्टल शूटिंग चैम्पियनशिप-2026 में आपके द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अर्जित करने का समाचार अत्यंत हर्ष एवं गर्व का विषय है। मंत्री ने संदेश में कहा है कि आपने अपनी प्रतिभा, कठोर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि बीकानेर एवं समूचे राजस्थान का मान बढ़ाया है।
आपको बता दें कि रवि व्यास ने 10 मीटर एयर पिस्टल (एनआर) स्पर्धा में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 360/400 (5X) अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी चारों सीरीज़ में क्रमशः 90, 89, 90 एवं 91 अंक प्राप्त किए और प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त रवि व्यास ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल (एनआर) स्पर्धा में भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 242/300 अंक अर्जित किए। इसमें उन्होंने प्रिसिजन चरण में 130 अंक तथा रैपिड चरण में 112 अंक प्राप्त कर इस स्पर्धा का भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि हाल में राष्ट्रीय स्तरीय कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में भी रवि व्यास पारीक ने 10 मीटर मेन पिस्टल सीनियर मास्टर कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में रवि व्यास ने सटीक निशानेबाजी और आत्मविश्वास के दम पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने लगातार बेहतरीन स्कोर करते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रवि व्यास का प्रदर्शन केवल 10 मीटर स्पर्धा तक ही सीमित नहीं रहा। उन्होंने कुछ महीने पहले अहमदाबाद में आयोजित 50 मीटर प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतना उनके अनुभव, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। सरकारी सेवा से रिटायरमेंट के बाद शूटिंग खेल में लगातार मेहनत कर रहे रवि व्यास की इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
शूटर रवि व्यास ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों तथा सभी शुभचिंतकों को दिया और कहा कि उनका अगला लक्ष्य प्राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में राजस्थान और भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है।













