बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में कचरा संग्रहण करने वाली ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने का दौर जारी है। वहीं, कंपनी के टिपर से हादसे भी रूक नहीं रहे। बीते चौबीस घंटे के दौरान टिपर से टक्कर के तीन मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में पार्षदों ने भी अब कंपनी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है।
टिपर से टक्कर का ताजा मामला नागणेची मंदिर के पास का है। यहां कचरा संग्रहण करने आए एक ट्रिपर चालक ने दो बच्चों को टक्कर मार दी। जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। जिसने चालक को पकड़ लिया और पुलिस को इतला दी। इसकी सूचना मिलने पर पार्षद भगवान सिंह मेडतिया, मनोज विश्नोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि पहुंच गये। मौके पर पहुंची पुलिस से भी उनकी कहासुनी हो गई।
मौके पर पार्षदों ने कचरा संग्रहण कंपनी की लापरवाही और प्रशासन की घटनाओं के प्रति नजरअंदाजी पर नाराजगी जताई। इन पार्षदों ने कहा कि प्रबंधक अभिषेक पार्षदों व आमजन की शिकायत पर काम नहीं कर रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग टिपर चला रहे है। जिनके पास किसी तरह का लाईसेंस या अन्य दस्तावेज नहीं है।
आपको बता दें कि इससे पहले शनिवार दोपहर गोकुल सर्किल केशव दत्त आचार्य को 72 नंबर टिपर ने टक्कर मारी थी। जिसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका पीबीएम में इलाज चल रहा है। उनके पुत्र डॉ. शरद आचार्य की रिपोर्ट पर नयाशहर थाने में चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
बहरहाल, इन घटनाओं को देखते हुए महापौर अनिल कल्ला, उपमहापौर पंकज गहलोत, भगवान सिंह, विक्रम सिंह, जावेद पडिहार, नवल पुरोहित आदि पार्षदों ने आयुक्त से मुलाकात कर इन दुर्घटनाओं पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।



















