बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब सड़क पर आ गई है। वार्ड नंबर 50 में टिकट नहीं देने से नाराज मोहित अरोड़ा व उसके साथियों ने कांग्रेस कार्यालय के उद्घाटन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट, बदसलूकी की और उनके कपड़े फाड़ दिए। मेघवाल वार्ड 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान यह घटना हुई।
मदन गोपाल मेघवाल ने आरोप लगाया कि मोहित अरोड़ा ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। आरोपी ने उन्हें “अंकल” कहकर एक तरफ बुलाया और इसके बाद उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका कुर्ता भी फाड़ दिया गया। मेघवाल ने बताया कि आरोपी युवक मोहित अरोड़ा वार्ड से खुद टिकट की दावेदारी कर रहा था। कल ही उसने समर्थन दिया है और आज ऐसी हरकत कर दी। घटना के बाद मेघवाल समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
पुलिस में शिकायत, मेघवाल बोले- विचलित नहीं होंगे
मेघवाल ने बताया कि उन्होंने इस घटना के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश से बात की है। जल्द ही वे लिखित में पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि- “मारपीट करने वाले लोगों को टिकट नहीं देना पार्टी का सही निर्णय था, यह आज साबित भी हो गया। इस घटना के बाद भी हम विचलित नहीं होंगे, बल्कि पूरे जोश खरोश के साथ इस वार्ड सहित सभी वार्डों में पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार प्रसार करेंगे।” बहरहाल, इस घटना के बाद मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ जुट गई है।
बीकानेर नगर निगम चुनाव : भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की सूची, ऐनवक्त पर कई नाम जुड़े, कई कटे
बीकानेर में नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम : महावीर रांका का टिकट कटा, विशाल गोलछा को मिला मौका
















