नई दिल्ली / जयपुर Abhayindia.com भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में जापान जा रहे उच्चस्तरीय भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल (Indian Business Delegation) में स्मार्ट मोबिलिटी एवं रोड सेफ्टी इनोवेशन के क्षेत्र में कार्यरत स्टार्टअप ‘इको भारत’ (Eco Bharat) के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संपत सारस्वत बामनवाली को आमंत्रित किया गया है। यह आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल 22 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक जापान के प्रमुख औद्योगिक शहरों- टोक्यो, ओसाका, क्योटो और नागोया के सघन दौरे पर रहेगा।
हाल ही में आर्मेनिया में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच ‘सीसाइड स्टार्टअप समिट 2026’ (Seaside Startup Summit Armenia 2026) में ‘इको भारत’ ने वैश्विक स्तर पर शीर्ष 10 इनोवेटिव स्टार्टअप्स (Top 10 Global Finalists) में 7वां स्थान हासिल कर देश का मान बढ़ाया था। स्टार्टअप जगत में लगातार स्थापित हो रहे इस प्रभाव के बाद, अब भारत सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान यात्रा पर जाना इको भारत और भारतीय स्मार्ट मोबिलिटी सेक्टर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस 8 दिवसीय महत्वपूर्ण यात्रा के दौरान संपत सारस्वत बामनवाली केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में आयोजित होने वाली उच्चस्तरीय व्यापारिक बैठकों, पॉलिसी डायलॉग और राउंड टेबल सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे।
• ग्लोबल कॉरपोरेट्स व इंडस्ट्री लीडर्स के साथ संवाद : जापान की शीर्ष व्यापारिक संस्थाओं जैसे केइदानरेन (Keidanren), जेट्रो (JETRO), JCCI, तथा पैनासोनिक, दाइकिन, हिताची, ओमरॉन और होरीबा जैसी वैश्विक बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) के साथ रणनीतिक सत्र आयोजित होंगे।
• स्टार्टअप व स्मार्ट मोबिलिटी राउंड टेबल : ओसाका व क्योटो में आयोजित होने वाली स्टार्टअप राउंड टेबल व इन्वेस्टर्स रोड शो के माध्यम से एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, स्मार्ट सिटी मोबिलिटी, एआई, और नेक्स्ट-जेनरेशन सेफ्टी सिस्टम्स पर जापानी कंपनियों और निवेशकों के साथ तकनीकी साझेदारी व बिजनेस विस्तार के नए अवसरों को तलाशा जाएगा।
• उच्चस्तरीय सरकारी व कूटनीतिक संवाद : टोक्यो में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित सेमिनार, ‘निक्केई एशिया’ के साथ आर्थिक साझेदारी संवाद और केंद्रीय मंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों में भाग लेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संपत सारस्वत बामनवाली ने कहा...
”माननीय केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल जी के नेतृत्व में इतने प्रतिष्ठित प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनना ‘इको भारत’ की पूरी टीम के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। जापान तकनीक, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और सेफ्टी इंजीनियरिंग में विश्व का अग्रणी देश है। आर्मेनिया में वैश्विक स्तर पर मिली पहचान के बाद, जापान के इस मंच पर हमें जापानी मल्टीनेशनल कंपनियों के साथ रोड सेफ्टी, स्मार्ट मोबिलिटी और कनेक्टेड व्हीकल सॉल्यूशंस के लिए सहयोग व निवेश के नए आयाम स्थापित करने का सीधा अवसर मिलेगा। हमारा लक्ष्य भारत के स्मार्ट विजन को वैश्विक साझेदारी के साथ और अधिक सशक्त बनाना है।”















