जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने ताजा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तर पश्चिमी व उत्तरी भागों में 13 से 15 अक्टूबर को मेघगर्जन, तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने बताया है कि बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में एक बार पुनः 13 से 15 अक्टूबर को मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना। इसके साथ ही बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।
आपको बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। बीते चौबीस घंटे में अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, पाली, श्रीगंगानगर और डूंगरपुर सहित 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से कम दर्ज किया गया। अब अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान में भी गिरावट शुरू होने की प्रबल संभावना है। इधर, फसल कटाई के महत्वपूर्ण दौर में अचानक हुई बारिश से किसानों को उपज सुरक्षित रखने की चिंता सताने लगी है। खेतों में पड़ी फसल बारिश से भीगने पर उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।



















