








बीकानेर abhayindia.com उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में भूमि विवाद में दस लोगों की हत्या के मामले में घायलों से मिलने सोनभद्र जाने के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को रोकने के विरोध में शनिवार को यहां कांग्रेस ने कलक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां एकत्र हुए और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के बाद सामूहिक रूप से गिरफ्तारी दी।
जिला मुख्यालय पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन और गिरफ्तारी के आयोजन को देखते भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। गिरफ्तारी से पहले श्रीगंगाथियेटर के सामने जुटे हुए कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कन्हैयालाल कल्ला की अगुवाई में जुलूस निकाला और कलक्टरी के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए गिरफ्तारियां दी। पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कांग्रेस नेताओं को बस में बैठाया और अलग अलग जगहों पर ले जाकर छोड़ दिया। विरोध प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धारा – 144 का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया गया जो कि उचित नहीं था।
गिरफ्तारी देने वाले कांग्रेस नेताओं में पूर्व न्यास चैयरमेन मकसूद अहमद, साजिद सुलेमानी, जियाउर रहमान, तोलाराम सियाग,अनवर अजमेरी, आजम कायमखानी, लजित तेजस्वी, हजारी देवड़ा, सुनिता गौड़, हबीबा चौधरी, मनोज चौधरी, सुमित कोचर समेत बड़ी संख्या में शहर कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।





