







बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। निराश्रित गौवंश के लिए गौशाला के निर्माण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर मोर्चा खोलने का मूड बना लिया है। कांग्रेस ने आगामी 25 मई से नगर निगम परिसर में क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। चेतावनी का ऐलान शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व विधानसभा क्षेत्र के कार्यालय में हुई प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने किया। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पीसीसी सदस्य गोपाल गहलोत, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार किराड़ू, जियाउर रहमान आरिफ, जावेद पडि़हार, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद सिंह सोढ़ा, मगन पाणेचा, प्रवक्ता फिरोज भाटी आदि मौजूद थे।
कांफ्रेंस में इन नेताओं ने कहा कि नगर निगम प्रशासन गौशाला के लिए आवंटित जमीन पर तारबंदी करवाना चाह रहा है, जो कि उचित नहीं है। इसके बजाय चारदीवारी का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि वहां रहने वाले पशुओं की सुरक्षा पुख्ता हो सके। उन्होंने कहा कि गौशाला निर्माण को लेकर भाजपा सरकार और नगर निगम के महापौर कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। उनकी टालमटोल की नीति अब स्पष्ट हो चुकी है। पिछले दो-तीन महीनों में नगर निगम की ओर से गौशाला के निर्माण के संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि गौशाला के निर्माण को लेकर बीकानेर के भामाशाह भी आर्थिक सहयोग करने को तैयार है, इसके बावजूद निगम प्रशासन इस काम में रूचि नहीं ले रहा।
इसलिए 25 मई को होगा क्रमिक अनशन
कांग्रेस ने आगामी 25 से नगर निगम परिसर में क्रमिक अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। असल में, उस दिन कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत का जन्म दिन है। गहलोत ने बताया कि मैं अपना जन्म दिन क्रमिक अनशन के साथ ही मनाऊंगा। उन्होंने यह दावा भी किया कि जब तक गौशाला के मुद्दे पर ठोस नतीजा नहीं मिलेगा, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा।
…तो इस्तीफा दें महापौर
कांफ्रेंस में गोपाल गहलोत ने कहा कि पिछले चार साल के कार्यकाल के दौरान महापौर की नगर निगम के किसी भी आयुक्त से पटरी नहीं बैठी है। उनका किसी न किसी से विवाद बना रहा है। ऐसे में निगम में कई मसले अटके हुए है। इस स्थिति को देखते हुए महापौर को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।



