Hometrendingनवरात्रि के प्रथम दिन मातृशक्ति के स्वास्थ्य की अनूठी पहल : छात्राओं...

नवरात्रि के प्रथम दिन मातृशक्ति के स्वास्थ्य की अनूठी पहल : छात्राओं ने सीखा स्तन कैंसर का स्व-परीक्षण, सर्वाइकल कैंसर की जांच व टीकाकरण की ली जानकारी

बीकानेर Abhayindia.com नवरात्रि के प्रथम दिन शक्ति की आराधना के साथ मातृशक्ति के स्वास्थ्य और सुरक्षा का संदेश देते हुए बीकानेर में एक सार्थक सामाजिक पहल की गई। नीट प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करवाने वाले जॉनी सर, जगदीश सेवग सर एवं डॉ. शांतनु सर की ट्यूशन कक्षाओं में अध्ययनरत 16 से 20 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं के लिए स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

स्नेहलता व्यास मेमोरियल ट्रस्ट तथा आचार्य तुलसी कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के ऑन्कोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. पंकज टांटिया द्वारा संचालित कैंसर रिलीफ सोसायटी ‘उम्मीद’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सत्र में छात्राओं को महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर, उनके संभावित लक्षण, प्रारंभिक पहचान, समय पर चिकित्सकीय जांच तथा बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

डॉ. पंकज टांटिया ने ऑडियो-विजुअल माध्यम से छात्राओं को स्तन कैंसर की प्रारंभिक पहचान के महत्व के साथ स्वयं स्तन परीक्षण की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने बताया कि स्तन में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को समय पर पहचानना प्रभावी उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है।

उन्होंने बताया कि महिलाएं नियमित रूप से अपने स्तनों के सामान्य आकार, बनावट और महसूस होने वाले स्वरूप से परिचित रहें। मासिक धर्म होने वाली महिलाओं को माह में एक बार मासिक धर्म समाप्त होने के बाद तथा जिन महिलाओं को मासिक धर्म नहीं आता, उन्हें महीने में किसी निश्चित दिन स्वयं स्तन परीक्षण करना चाहिए।

तीन तरीकों से समझाया
स्वयं स्तन परीक्षण

डॉ. टांटिया ने छात्राओं को दर्पण के सामने देखकर, स्नान करते समय तथा पीठ के बल लेटकर स्तन की जांच करने की सामान्य प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि उंगलियों के पोरों से पूरे स्तन एवं बगल के क्षेत्र को हल्के, मध्यम और गहरे दबाव के साथ व्यवस्थित तरीके से महसूस किया जा सकता है।

दर्पण के सामने स्तनों के आकार, त्वचा, निप्पल की स्थिति, लालिमा, गड्ढे, झुर्रियां, सूजन अथवा अन्य बदलावों पर ध्यान देने के बारे में बताया गया। साथ ही निप्पल से किसी प्रकार का असामान्य स्राव होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की आवश्यकता भी समझाई गई।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वयं स्तन परीक्षण नियमित चिकित्सकीय स्तन परीक्षण अथवा चिकित्सक द्वारा सुझाई गई स्क्रीनिंग मैमोग्राफी का विकल्प नहीं है, बल्कि स्तन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का एक सरल माध्यम है।

असामान्य बदलाव दिखे तो
तुरंत चिकित्सक से परामर्श

डॉ. टांटिया ने कहा कि यदि स्तन में गांठ, लगातार दर्द, त्वचा या आकार में बदलाव, लालिमा, निप्पल में परिवर्तन अथवा असामान्य स्राव जैसी कोई स्थिति दिखाई या महसूस हो तो घबराने के बजाय चिकित्सक से परामर्श करना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्तन में होने वाला प्रत्येक बदलाव कैंसर नहीं होता, लेकिन किसी भी असामान्यता का चिकित्सकीय मूल्यांकन आवश्यक है।

सर्वाइकल कैंसर की जांच और एचपीवी
टीकाकरण पर भी जानकारी

प्रशिक्षण सत्र में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए इसके बचाव में एचपीवी टीकाकरण की भूमिका तथा उचित आयु एवं चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण करवाने के महत्व की जानकारी दी गई।

छात्राओं को बताया गया कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर संकोच करने के बजाय परिवार और चिकित्सक से खुलकर संवाद करना चाहिए। समय पर जांच और सही जानकारी गंभीर बीमारियों से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

शुरुआती लक्षणों की पहचान से मातृशक्ति
का जीवन बचाना उद्देश्य : किशन व्यास

स्नेहलता व्यास मेमोरियल ट्रस्ट के संरक्षक किशन व्यास ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति आमजन, विशेषकर महिलाओं और युवतियों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि महिलाओं को बीमारी के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और उचित उपचार के प्रति जागरूक किया जाए। कई मामलों में शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान होने से उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं।

उन्होंने कहा कि यदि एक छात्रा स्वयं जागरूक होकर अपने घर की माता, बहन, रिश्तेदारों और आसपास की महिलाओं तक यह संदेश पहुंचाती है तो इस अभियान का प्रभाव कई गुना बढ़ सकता है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular