Hometrendingबीकानेर में पीबीएम अस्पताल के ठेका कर्मचारी 12 अक्टूबर से शुरू करेंगे...

बीकानेर में पीबीएम अस्पताल के ठेका कर्मचारी 12 अक्टूबर से शुरू करेंगे अनिश्चितकालीन धरना

बीकानेर Abhayindia.com पीबीएम अस्पताल ठेका कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ – BMS) के आह्वान पर ठेका कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों को लेकर 12 अक्टूबर 2026 से सुबह 9 बजे से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जा रहा है।

संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार एवं महामंत्री राकेश नवल ने बताया कि 14 दिवसीय अल्टीमेटम अवधि समाप्त होने के उपरांत भी श्रम संहिताओं के तहत कोई समाधान नहीं किया गया है, जिस वजह से कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रुख करना पड़ रहा है।

प्रमुख मांगें:

नियत तिथि पर वेतन भुगतान : प्रत्येक माह की 5 से 7 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से बैंक खाते में वेतन भुगतान किया जाए और पारदर्शी वेतन पर्ची (Pay Slip) प्रदान की जाए।

नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र : प्रत्येक ठेका कर्मचारी को प्रथम दिन से लिखित नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) और वैध पहचान पत्र (ID Card) अनिवार्य रूप से दिया जाए।

PF एवं ESI की पारदर्शी सूचना : कर्मचारियों के वेतन से कटने वाले PF और ESI अंशदान की पारदर्शी मासिक रसीद/UAN एवं ई-पहचान कार्ड उपलब्ध कराया जाए।

ओवरटाइम का दोगुना भुगतान : प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक कार्य कराने पर नियमानुसार दोगुनी दर (Double Rate) से ओवरटाइम भुगतान किया जाए।

महिला सुरक्षा समिति : अस्पताल के प्रत्येक विभाग में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा हेतु आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaints Committee) का गठन किया जाए तथा रात्रिकालीन पाली में सुरक्षित परिवहन व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो।

HKRN मॉडल का गठन : राजस्थान में ठेका कर्मचारियों हेतु हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की तर्ज पर बोर्ड/निगम का गठन किया जाए।

कोविड काल कर्मचारियों की पुनः बहाली : कोविड-19 महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा देने वाले निकाले/हटाये गए अनुबंधी ठेका कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर पुनः सेवा में समायोजित किया जाए।

सुरक्षा उपकरण एवं स्वास्थ्य सुविधा : सफाईकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों व चतुर्थ श्रेणी ठेका कर्मचारियों को मास्क, ग्लव्स, यूनिफॉर्म, सुरक्षा जूते तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

वार्षिक बोनस एवं अवकाश : वार्षिक बोनस का समय पर भुगतान तथा राष्ट्रीय त्यौहार अवकाश (National Holidays) व वार्षिक सवेतन अवकाश (Paid Leave) का लाभ प्रदान किया जाए।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular