बीकानेर Abhayindia.com आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों एवं संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी 13 अक्टूबर 2026, मंगलवार को प्रातः 10:30 बजे ग्राम नाल (बीकानेर) में रोशनी घर (जीएसएस) के पास विशाल पंचायतीराज चुनाव सम्मेलन-2026 आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में बीकानेर जिले एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं एवं आमजन के शामिल होंगे।
सम्मेलन की पूर्व तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार की गई।
पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि यह सम्मेलन केवल पंचायतीराज चुनावों की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने और जनहित की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिंचाई एवं पेयजल के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। बीकानेर संभाग के किसान अपने हक के पानी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। खाजूवाला, घड़साना एवं अनूपगढ़ क्षेत्र में मंडियों के बंद रहने और व्यापार प्रभावित होने से किसानों एवं व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की आठ रोजा बारी से पानी देने की मांग पर सरकार को गंभीरता से विचार कर न्यायसंगत समाधान करना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश में भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर भी राज्य सरकार सरकार की विफलता से संबंधित मुद्दे उठाये जायेंगे। मेघवाल ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने बीकानेर क्षेत्र में सोलर ऊर्जा परियोजनाओं के नाम पर कथित सरकार से सांठगांठ वाले लोगो द्वारा भ्रष्टाचार एवं स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
मेघवाल ने बीकानेर जिले एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों, किसानों, युवाओं और आमजन से अपील की कि वे 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे ग्राम नाल स्थित रोशनी घर (जीएसएस) के पास आयोजित पंचायतीराज चुनाव सम्मेलन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, संगठन की मजबूती और जनसहभागिता से सम्मेलन को सफल बनाया जाएगा तथा आगामी पंचायतीराज चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को नई दिशा मिलेगी।



















