Tuesday, May 26, 2026
Hometrendingबीकानेर में महाघेराव : सरकार पर बोले हमले, कार्यकर्त्‍ताओं में भरा जोश

बीकानेर में महाघेराव : सरकार पर बोले हमले, कार्यकर्त्‍ताओं में भरा जोश

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com राजस्‍थान विधानसभा चुनाव इसी साल होने है। इसे देखते हुए विपक्षी पार्टी भाजपा सत्‍तारूढ कांग्रेस पर हमलावर बनी हुई है। इसी क्रम में भाजपा ने राज्‍य सरकार की नाकामियों को लेकर मंगलवार को पब्लिक पार्क में विश्रोई धर्मशाला के सामने जनाक्रोश महाघेराव किया। इसमें पार्टी के नेताओं ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आव्हान किया। महाघेराव के मंच से भाजपा के प्रदेशाध्‍यक्ष सी. पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, नोखा विधायक बिहारी लाल विश्रोई, लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा सहित संगठन के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए कमर कस लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश का युवा, किसान और हर वर्ग सरकार से ठगा सा महसूस कर रहा है।

महाघेराव में भाजपा के प्रदेशाध्‍यक्ष सी. पी. जोशी ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नाकामी से जयपुर बम विस्‍फोट कांड के गुनाहगार बरी हो गये। गहलोत अपनी सरकार बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से वकीलों की फौज खड़ी कर सकते हैं लेकिन, निर्दोष लोगों की हत्या के गुनाहगारों की पैरवी के लिए सुप्रीम कोर्ट से वकील आ सकते हैं तो क्‍या दोषियों को सजा दिलवाने में पैरवी में कमजोरी तुष्टिक की राजनीति को नहीं दर्शाती है।

महाघेराव में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने भी प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महाराजा गंगासिंहजी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके शहर में अब बदमाशों बोलबाला है, जिसके कारण मंत्रियों को धमकियां मिल रही है। मंत्री. डॉ कल्ला के परिजनों के यहां हुई चोरी के आरोपी अभी तक पुलिस की पहुंच से दूर है। बीकानेर के किसानों के साथ इस सरकार ने धोखा किया है।

ओलावृष्टि में हुए नुकसान का मुआवजा अभी तक उन्हें नहीं मिला है। जबकि अकाल राहत व आपदा प्रबन्धन मंत्री बीकानेर से है तथा वे यहां आतेजाते रहते है। उन्‍होंने ऐतिहासिक सूरसागर की स्थिति पर मंत्री डॉ कल्ला पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के राज में सूरसागर चमकता था, आज फिर इस राज ने सूरसागर को बदहाली की स्थिति में पहुंचा दिया है।

केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार अस्थिर और दो खेमों में बंटी हुई है। जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही। भेदभाव की नीति पर चल रही गहलोत सरकार ने केन्द्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं पर अडग़ा लगा रही है। महाघेराव को संभाग प्रभारी माधोसिंह, जिला प्रभारी दशरथ सिंह शेखावत, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, नगर विकास न्यास के पूर्व चैयरमेर महावीर रांका, शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य, देहात भाजपा अध्यक्ष जालम सिंह भाटी, उप महापौर राजेन्द्र पंवार सहित अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

भाजपा प्रदेशाध्‍यक्ष सीपी जोशी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस सरकार की नाकामी से अपराधों का गढ़ चुके राजस्थान में प्रदेश की जनता बैचेन है। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खौफ से प्रदेश की जनता भयभीत है। सरेआम फायरिंग, रंगदारी वसूली के लिये गुण्डों की धमकियां, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार से राजस्थान आज अपराध में नंबर वन बन गया है। राजस्थान की जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा में मुख्‍यमंत्री के दावेदारों से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि अगर मुख्‍यमंत्री के दावेदार ज्यादा है तो इसमें बुराई क्‍या हैं।

महाघेराव के बाद पार्क पैराटाइज में आयोजित भाजपा की संभाग स्तरीय बैठक में प्रदेशाध्‍यक्ष जोशी ने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि इसी साल चुनाव होने हैं इसलिए संगठन के प्रति ज्यादा सजग होकर काम करने की जरूरत है। आगामी एक माह का रूट चार्ट बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू करें। संगठन सर्वोपरि है। संगठन में एक व्यक्ति नहीं, अपितु संगठन मिलकर काम करता है। परिश्रम और योजनाबद्ध तरीके से काम करने का वक्त है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, जिला संगठन प्रभारी दशरथ सिंह शेखावत सहित भाजपा के संभाग और जिला स्तरीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पाटी बनी है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!