जयपुर Abhayindia.com राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को अलवर के मालाखेड़ा में कांग्रेस की जनसभा में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर बड़ी घोषणा की है। सीएम गहलोत की घोषणा के अनुसार, सरकार अगले साल अप्रेल से जनता को पांच सौ रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएगी। इसके लिए अलग कैटेगिरी बनाई जाएगी और उन लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। सीएम की इस घोषणा के बाद यह माना जा रहा है कि सरकार अपनी ओर से पांच सौ रूपए से ज्यादा की सब्सिडी देगी।
कांग्रेस की इस जनसभा को सम्बोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा में एक रस्सी दिखी है। इस रस्सी के अंदर तो वरिष्ठ नेता और रस्सी के बाहर छोटे नेता और कार्यकर्ता है। हमें इनकी आवाज सुननी है। इस रस्सी को तोड़ना जरूरी है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और आम आदमी की आवाज हमारी सरकार में सुनाई देनी चाहिए। जन सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य नेता भी रहे। राहुल गांधी ने राजस्थान की चिरंजीवी योजना की तारीफ की और कहा कि सबका इलाज फ्री में हो रहा है। चिरंजीवी योजना तो पूरे देश में लागू होनी चाहिए। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सभी नेता मिलजुलकर और एकता के साथ काम करेंगे तो कांग्रेस को कोई नहीं हरा पाएगा।
















