








जयपुर Abhayindia.com उत्तरप्रदेश सहित पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान राजस्थान से कई कांग्रेस और भाजपा नेता भी अपना दम–खम दिखा रहे हैं। भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया आज से तीन दिन के उत्तरप्रदेश प्रवास पर जा रहे हैं। डॉ पूनिया के जारी हुए कार्यक्रम के तहत उनका ये प्रवास आज से शुरू होगा और 4 फरवरी शुक्रवार के दिन तक संपन्न हो जाएगा। इस दौरान वे यूपी के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रहकर चुनाव प्रचार करेंगे। इससे पहले पूनिया 30 जनवरी को पंजाब दौरे पर भी रहे थे।
आपको बता दें कि राजस्थान भाजपा को दिए गए ज़्यादातर जिले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हैं, जिनमें आगरा, मथुरा, अलीगढ़, एटा, हाथरस, फिरोजाबाद, सहारनपुर और मेरठ शामिल हैं।
यूपी में जहां भाजपा ने बीकानेर सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को सह प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, राजस्थान कांग्रेस के धीरज गुर्जर को सचिव के रूप में जिम्मेदारी दी है जो कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के करीबी भी माने जाते हैं। इसी तरह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी के करीबी पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र को भी चुनावों के लिए स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल किया गया है। कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट को भी शामिल किया है।





