








बीकानेर Abhayindia.com जिला उद्योग संघ ने कोरोना काल में औद्योगिक व व्यापारिक क्षेत्र के समक्ष आ रही समस्याओं एवं बीकानेर संभाग के औद्योगिक विकास के सुझाव को लेकर वेबिनार के माध्यम से केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से चर्चा की।
अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल सचिव वीरेंद्र किराडू ने चर्चा में बताया गया कि वैश्विक महामारी को देखते हुए बीकानेर में प्रस्तावित ईएसआईसी अस्पताल को जल्द से जल्द खुलवाया जाए ,जब तक ईएसआईसी अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण नहीं हो जाता है तब तक पुरानी बिल्डिंग जिसमें 24 कमरे हैं जिसमें एक बार ओपीडी शुरू किया जा सकता है।
वर्तमान में यह अस्पताल कोरोना के मरीजों के लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है और वर्तमान में जो 1 नंबर डिस्पेंसरी चल रही है उसको खारा औद्योगिक क्षेत्र में शिफ्ट किया जाए ताकि वहां के श्रमिकों को भी इसका लाभ मिल सके। साथ ही राज्य सरकार से नाल एयरपोर्ट से सटती 58.18 हेक्टेयर भूमि एयरपोर्ट ऑथोरिटी को निशुल्क दिलवाने के लिए अनुशंषा करें ताकि महानगरों से एयर कनेक्टिविटी हो जाने से बीकानेर का नाम भी देश के मानचित्र में शामिल हो जाएगा और इससे पूरे सम्भाग के उद्योग, व्यापार, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा । संभाग में ड्राईपोर्ट के लिए आवंटित भूमि के निरस्तीकरण को बहाल करने की राज्य सरकार से अनुशंसा की जाए।
बीकानेर में स्वीकृत गेस पाइप लाइन का कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाए जिससे यहां पर बड़े सिरेमिक एवं अन्य गैस आधारित प्रोजेक्ट लग सके। केंद्र सरकार को उधमियों को ऑक्सीजन गैस के प्लांट लगाने के लिए प्रेरित करना चाहिए और प्लांट लगाने हेतु उचित सब्सिडी की भी घोषणा की जानी चाहिए ताकि देश में अधिक से अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन हो सके,ऑक्सीजन की कमी के कारण देश पर आई विपदा को दूर किया जा सके।
वेबिनार में ओमप्रकाश मोदी, अशोक सुराणा, राजकुमार पचीसिया, रोहित अग्रवाल आदि भी शामिल हुए।
जोशी का निधन अपूरणीय क्षति…
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने पूर्व विधायक गोपाल कृष्ण जोशी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बताया कि बीकानेर की राजनीति को एक अपूरणीय क्षति हुई है । गोपाल कृष्ण जोशी बेहतर राजनीतिज्ञ होने के साथ साथ एक कुशल उद्यमी भी थे।
विधायक काल में इन्होंने बीकानेर के उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को विधानसभा के प्रश्नकाल में उठाया और सदैव बीकानेर के औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास के पक्षधर के रूप में अपनी महत्ती भूमिका निभाई ओर इनके द्वारा किये गए विकास कार्य बीकानेर के आमजन के ह्रदय में सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।


