कोलासर गांव के एक खेत में टिड्डियोंं ने चट की कपास की फसल।
बीकानेर abhayindia.com जिले में टिड्डियों ने एक बार फिर से हमला बोल दिया है। बुधवार को बीकानेर शहर सहित एक साथ कई तहसीलों में टिड्डियों ने धावा बोल दिया ।
अलग-अलग टुकड़ों में बंटे टिड्डी दल ने कृषि विभाग की नींद हराम कर रखी है। जानकारी के अनुसार आज बीकानेर शहर की मुक्ता प्रसाद कॉलोनी, कोलायत, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, पूगल, लूणकनसर में टिड्डी दल ने हमला बोल दिया। बीकानेर शहर में मुक्ता प्रसाद कॉलोनी में सुबह के समय एक से दो किमी लंबा टिड्डी दल देखा गया। वहीं अन्य तहसीलों के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कही दो, तो कहीं तीन किमी तक टिड्डी दल फैल गया।
नुकसान की आशंका
कृषि विभाग के सहायक उपनिदेशक डॉ.रामकिशोर मेहरा के अनुसार अक्कासर, बच्छासर, कोलासर सहित जहां भी कपास की खेती हो रखी है, उस फसल को टिड्डियों से खतरा हो सकता है। टिड्डियों के निशाने पर कपास रहता है। हलांकि इसके अलावा जिले में अभी मूंगफली की फसल, मूंग, मोठ इत्यादि की बुआई हो रखी है।
कर रहे सफाया
कृषि विभाग की अलग-अलग टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में टिड्डियों बैठने पर उनका सफाया भी कर रही है, लेकिन टिड्डी दल अलग-अलग फैला होने के कारण विभाग के भी पसीने छूट रहे हैं। बताया जा रहा है कि आज नागौर, जोधपुर से यह दल आया है। गांवों में लोगों ने थालियां बजाकर टिड्डियों को उड़ाने का जतन भी किया।