Hometrending "अर्नब" के असर से राजस्‍थान की फिजा में घुली ठंडक, आज 15...

 “अर्नब” के असर से राजस्‍थान की फिजा में घुली ठंडक, आज 15 जिलों में बारिश का अलर्ट,  गिरेगा दिन व रात का पारा

जयपुर Abhayindia.com बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से राजस्‍थान की फिजा में ठंडक घुल गई है। बीते चौबीस घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश होने से दिन व रात के पारे में गिरावट दर्ज हो गई है। मौसम विभाग ने आज 15 जिलों में ऑरेंज और 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की आशंका जताई गई है।

विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव के कारण अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।

विभाग ने अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक और डीडवाना-कुचामन में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका है।

विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, जैसलमेर और बाड़मेर सहित सीमावर्ती इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। डीडवाना-कुचामन में ऑरेंज अलर्ट, जबकि बालोतरा, चूरू, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद एक नवंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular