जयपुर Abhayindia.com महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय की अपराध शाखा की ओर से विधि विश्वविद्यालयों एवं विधि महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए अवैतनिक इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस कार्यक्रम के लिए पात्र विद्यार्थी 11 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत 1 जनवरी से होगी।
उप महानिरीक्षक पुलिस अपराध शाखा दीपक भार्गव ने बताया कि विधि स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर अध्ययनरत वे छात्र-छात्राएं और शोधार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में निर्धारित पात्रता एवं शर्तों को पूरा करते हैं।
राजकोप सिटीजन ऐप के माध्यम से होंगे आवेदन
इंटर्नशिप के लिए आवेदन राजकोप सिटीजन ऐप के माध्यम से किए जा सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर निर्धारित की गई है। कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन करने से पहले विज्ञप्ति में दी गई शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर सकते हैं।
विभिन्न विधि संस्थानों को भेजा गया पत्र
इस संबंध में अपराध शाखा की ओर से राजस्थान लॉ यूनिवर्सिटी फाइव ईयर कॉलेज, जयपुर ; राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, जोधपुर; सुबोध लॉ महाविद्यालय, जयपुर; वनस्थली विद्यापीठ, निवाई (टोंक); एमिटी यूनिवर्सिटी, जयपुर; सेंट विल्फ्रेड कॉलेज ऑफ लॉ, जयपुर; कनोडिया स्कूल ऑफ लॉ फॉर वीमेन, जयपुर; मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर तथा सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे सहित विभिन्न विधि शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को पत्र भेजकर पात्र विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को कार्यक्रम के लिए आवेदन करने की जानकारी देने को कहा गया है।



















