






बीकानेर Abhayindia.com भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज श्रीडूंगरगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के सहायक अभियंता (उपनी) कार्यालय में एक कार्मिक विनोद कुमार पूनिया को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 लाख 45 हजार रुपए की राशि बरामद की गई है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि लिखमीसर उत्तरादा निवासी किसान के कृषि कुएं पर 3.54 लाख रुपए की वीसीआर जारी की गई थी। इस वीसीआर को कम कर सेटलमेंट कराने के बदले आरोपी ने किसान से एक लाख 50 हजार रुपए की मांग की। बाद में सौदा एक लाख 45 हजार रुपए में तय हुआ। सत्यापन के बाद सोमवार को परिवादी को एक लाख 45 हजार रुपए लेकर आरोपी विनोद कुमार के पास भेजा। परिवादी ने जैसे ही आरोपी को रिश्वत की राशि दी, उसने एसीबी के अधिकारियों को इशारा कर दिया। तब एसीबी सीआई महेंद्र कुमार मय टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया।


