बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर जिले की लूनकरणसर तहसील के गांव अर्जुनसर से स्टडी वीजा पर रूस जाकर जंग के मैदान में फंसे युवक अजय गोदारा की वापसी को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। हालांकि, बुधवार को उसके परिवार के लिएराहत भरी कॉल आई। अजय ने सुबह अपने पिता महावीर प्रसाद को कॉल किया और बताया कि वह सकुशल है।
अजय के पिता ने मीडिया को बताया कि अजय ने कॉल करके बताया कि वह यूक्रेन के सिलीडोज सिटी के पास रूसी सेना के कैम्प में है। पहले उसे अग्रिम मोर्च पर तैनात सैन्य टुकड़ी में रखा हुआ था। मंगलवार देर रात उसे रूसी सेना के मेडिकल कैम्प में भेज दिया गया। उसके आस-पास के क्षेत्र में रूस और यूक्रेनी सेना के बीच लगातार बमबारी और फायरिंग चल रही है। अजय ने यह भी बताया कि मेडिकल कैम्प से उसे वापस सेना की टुकड़ी के साथ अग्रिम मोर्चे पर भेजेंगे अथवा वापस रूस इसका पता नहीं है।
इधर, केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने अजय के मामले में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वे इस मामले पर पूरी नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय को भी इससे अवगत करा दिया गया है। मंत्रालय सकारात्मक रूप से आगे बातचीत कर रहा है। वहीं, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा बुधवार को लूणकरनसर तहसील के रतनीसर गांव में जनसुनवाई के लिए पहुंचे तो वहां पर युवक अजय के परिजन उनसे मिलने पहुंचे। ग्रामीणों के साथ अजय के पिता ने मंत्री गोदारा को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने अजय की सकुशल स्वदेश वापसी की गुहार लगाई। इस पर मंत्री गोदारा ने जल्द ही उच्च स्तर पर प्रयास करने की बात कही।













