Hometrendingगर्मियों में पानी के पुख्‍ता हो प्रबंध : सीएम के निर्देश- फील्ड...

गर्मियों में पानी के पुख्‍ता हो प्रबंध : सीएम के निर्देश- फील्ड में रहें अधिकारी, शिकायतों का प्राथमिकता से करें निस्तारण

जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गर्मी के मौसम में पेयजल प्रबंधन एवं समर कंटीन्जेंसी प्लान को लेकर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्ययोजना के तहत आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला कलक्टर्स की अनुशंषा पर जिलों में पेयजल से संबंधित आकस्मिक कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पीएचईडी अधिकारियों को फील्ड में रहकर जलापूर्ति की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नवीन नलकूप एवं हैण्डपंप लगाए जाएं। उन्होंने पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार टैंकरों के जरिए पेयजल परिवहन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पेयजल से संबंधित पाइपलाइनों, पुराने नलकूप एवं हैंडपंप के मरम्मत कार्यों को भी समय से पूरा करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।

कंट्रोल रूम के नंबरों का करें व्यापक प्रचार-प्रसार

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल समस्या के निस्तारण के लिए संचालित राज्य एवं जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, कंट्रोल रूम में दर्ज होने वाली शिकायतों का प्रभावी रूप से मॉनिटरिंग कर त्वरित निस्तारण भी किया जाए।

उन्होंने बिजली कनेक्शन लेकर नलकूपों एवं ट्यूबवैलों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने नलकूपों के लिए भंडार में स्पेयर पंप-मोटर्स की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सुझाव देते हुए कहा कि हर ग्राम में पेयजल एवं इससे संबंधित योजनाओं के लिए ग्राम स्तर पर दो जल मित्र बनाए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका सहयोग लिया जा सके।

पेयजल से संबंधित बजटीय घोषणाओं को समय से करें पूरा

मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया कि पेयजल से संबंधित बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करें। साथ ही, बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के पेयजल से संबंधित कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी करवाकर कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल से संबंधित वृहद् एवं लघु परियोजना को पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन डालने के दौरान टूटी सड़कों के मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय समय सीमा में अमृत योजना के कार्यों को भी पूरा किया जाए। उन्होंने प्रदेश में संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए भी विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए।

नहरबंदी के दौरान डिग्गियों का पूर्ण भराव हो सुनिश्चित

शर्मा ने नहरबंदी के दौरान प्रभावित जिलों में पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जिलेवार कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल आपूर्ति के लिए डिग्गियों का पूर्ण भराव रखा जाए, जिससे आवश्यकता होने पर इस जल का सदुपयोग किया जा सके। इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी सहित विभाग के उच्चाधिकारी मौजूद रहे तथा सभी जिलों के विभागीय अधिकारी वीसी के जरिए जुड़े। 

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular