Friday, January 16, 2026
Hometrendingदिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री पर हमले से मचा सियासी घमासान, हमलावर को पकड़ा,...

दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री पर हमले से मचा सियासी घमासान, हमलावर को पकड़ा, जल्‍द खुलेगा मामला

AdAdAdAdAdAdAdAd

नई दिल्‍ली Abhayindia.com दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमले की सभी दलों ने कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके साथ ही पुलिस ने उस आरोपी को भी पकड़ लिया है, जिसने भीड़ के बीच सीएम रेखा गुप्ता को थप्पड़ जड़ दिया। पुलिस आरोपी से यह जानने की कोशिश में जुटी है कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया? बहरहाल मामला जो भी हो, पुलिस अपने हिसाब से जांच-पड़ताल में जुटी है। भाजपा नेताओं का दावा है कि जल्द ही सबकुछ सामने आ जाएगा।

भाजपा नेताओं का कहना है कि कुछ लोगों को सीएम रेखा गुप्ता का लगातार दिल्ली के विकास कार्यों में लगे रहना हजम नहीं हो रहा है। इसलिए ऐसी साजिशें शुरू हो गई हैं। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया ‘X’ अकाउंट पर लिखा “अपने आवास पर जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर किया गया सीधा प्रहार है। जनसुनवाई का कार्यक्रम लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम है, जहां जनता अपने सवाल और संदेह बिना किसी डर या बाधा के अपनी मुख्यमंत्री के साथ साझा करती है। ऐसी पवित्र लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कदापि स्वीकार नहीं की जा सकती। दोषियों पर उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।”

दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा “दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर खराब नीयत और नफरत के चलते यह हमला किया गया है। जो बहुत कायराना हरकत है। दिल्ली के लोग ऐसी सोच को कभी माफ नहीं करेंगे।” दूसरी ओर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा “मैं सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए कायराना हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। लोगों के साथ उनका निडर जुड़ाव और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता विपक्ष को स्पष्ट रूप से परेशान करती है। इसी के चलते अब शर्मनाक और कायराना हरकतें की जा रही हैं। मैं उनकी ताकत, सुरक्षा और शीघ्र स्वस्‍थ होने की कामना करता हूं।”

आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। सौरभ भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया ‘X’ अकाउंट पर लिखा “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के ऊपर हुआ हमला बेहद निंदनीय कृत्य है। आम आदमी पार्टी इस हमले की कड़ी निंदा करती है। हम आशा करते हैं कि उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी होगी और वह जल्द ही स्वस्थ होकर जनता के बीच जाएंगी। आज देश में कुछ राजनीतिक दल और संस्थाएं हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं। कुछ दिनों पहले SSC के छात्र और अध्यापक अपना हक मांग रहे थे, उस दौरान उनपर हिंसा की गई। किसानों के ऊपर लाठीचार्ज किया जाता है, वह भी हिंसा है। अरविंद केजरीवाल जी के ऊपर लगातार हमले किए गए। इस दौरान BJP के नेताओं ने तमाम बातें कहीं लेकिन आज CM रेखा गुप्ता जी के ऊपर जो हमला हुआ, वह निंदनीय है।”

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमले की निंदा की है। साथ ही दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्‍था पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बहुत दुखद है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और मुझे लगता है कि ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला कैसे सुरक्षित रह सकती है?”

AdAd
- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!