





बीकानेर Abhayindia.com कम्युनिटी वेल्फेयर सोसाइटी के संरक्षक राज कुमार किराडू ने बताया की कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी एवं राजस्थान बॉडी बिल्डिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में 5 अप्रैल 2026 को पुष्करणा स्टेडियम में राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय जेठमल भाटी की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है।
इस संबंध में आज श्रीजी रेस्टोरेंट, नाल रोड, बीकानेर में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय आचार्य उपस्थित रहे। बैठक में राजेंद्र व्यास, आशीष ओझा, मुकेश रंगा, धर्मेंद्र चौधरी, रामचंद्र ओझा, शिव गहलोत, पीयूष सोढ़ी, सुनील व्यास, नारायण ओझा, मुकुल आचार्य ने भी अपने विचार रखे। बैठक में गुडविल जिम, अर्नाल्ड जिम, द पावर जिम, देव फिटनेस, पठान जिम, सुमो हेल्थ, गरुड़ द फिटनेस सहित विभिन्न जिमों के संचालक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने साथ मिल कर पोस्टर का विमोचन किया।
मुख्य अतिथि विजय आचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि बीकानेर में राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन होना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि बीकानेर की पहचान को प्रदेश स्तर पर और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने सभी जिम संचालकों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम को अपना समझकर इसकी सफलता के लिए पूर्ण सहयोग दें और इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
संस्था के संरक्षक राजकुमार किराडू ने जानकारी देते हुए बताया कि ओवरऑल बॉडी बिल्डिंग चैंपियन (पुरुष वर्ग) के विजेताओं को क्रमशः ₹71,000, ₹51,000 एवं ₹31,000 की नकद पुरस्कार राशि, मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र सहित विशेष सम्मान प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह संपूर्ण आयोजन खेल भावना, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाएगा तथा स्वर्गीय जेठमल भाटी के आदर्शों को समर्पित रहेगा।
संस्था के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि सन 2000 के बाद जीतने भी खिलाड़ी नेशनल लेवल पर मेडल लगा चुके है उन्हें भी इस कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में 8 वर्गों में प्रत्येक वर्ग के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता खिलाड़ियों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 की नकद पुरस्कार राशि, मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार मास्टर्स एवं वुमेन वर्ग में भी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 की नकद राशि, मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।




