








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 का पुनः आयोजन आगामी 20 सितंबर 2026 (रविवार) को किया जा रहा है। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा के मद्देनजर आयोग द्वारा आवेदन पत्र में संशोधन तथा अनिवार्य केवाईसी की प्रक्रिया 16 मई से 30 मई 2026 तक संचालित की जा रही है।
विगत पाँच वर्षों में कई अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या एसएसओ आईडी बदल चुके हैं। इस कारण अनेक अभ्यर्थियों को अपना पुराना आवेदन ढूंढने और वर्तमान संशोधन प्रक्रिया को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके लिए अभ्यर्थियों के हितों के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए परीक्षा हेतु पात्र अभ्यर्थियों का आवश्यक डेटा सीधे आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दिया गया है।
आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की गई इस विशेष संकलित सूची में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, आवेदन क्रमांक तथा उनकी मूल एसएसओ आईडी अंकित है। जिन अभ्यर्थियों के पुराने मोबाइल नंबर बंद हो चुके हैं, वे भी इस सूची से अपनी सही एसएसओ आईडी जानकर आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके साथ ही आयोग द्वारा सभी पात्र अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर फार्म एडिट करने हेतु मैसेज भी भेजे जा रहे हैं, ताकि उन्हें उनके आवेदन क्रमांक और एसएसओ आईडी की त्वरित जानकारी मिल सके।
आयोग ने उन अभ्यर्थियों, जिन्होंने समय-सीमा शुरू होने के बावजूद अब तक अपने आवेदन में आवश्यक सुधार अथवा अनिवार्य सम्मति दर्ज नहीं की है, को आगाह किया है, कि निर्देशों की अवहेलना करने या निर्धारित तिथि (30 मई) तक प्रक्रिया पूर्ण न करने की स्थिति में अभ्यर्थियों का आवेदन स्वतः निरस्त माना जा सकता है। यह जानकारी 8 मई 2026 जारी किए गए प्रेस नोट द्वारा पूर्व में भी प्रसारित की जा चुकी है।
वन टाइम रजिस्ट्रेशन अपडेट करने, पूर्व के डेटा को वर्तमान प्रोफाइल में स्थानांतरित करने तथा फार्म एडिट करने की प्रक्रिया को समझाने के लिए आयोग ने ओटीआर आधारित सेवा के लिए सहायता दस्तावेज हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी करते हुए ओटीआर एवं केवाइसी प्रक्रिया की जानकारी हेतु डेमोन्सट्रेटिव वीडियों भी अपलोड किया हुआ है। इसका अवलोकन आयोग की वेबसाइट के होम पेज पर उपलब्ध इम्पोर्टेन्ट लिंक्स में उपलब्ध एप्लाई ऑनलाइन लिंक पर क्लिक कर किया जा सकता है।
अभ्यर्थियों के लिए इन प्रक्रियाओं का पालन अनिवार्य
फेच एप्लीकेशन का विकल्प : यदि किसी अभ्यर्थी ने अपनी पूर्व की एसएसओ आईडी बदल ली है, तो वे फेच एप्लीकेशन फार्म के माध्यम से अपना पुराना रिकॉर्ड नए प्रोफाइल में स्थानांतरित कर लें।
निशुल्क करवा सकते है मोबाइल नंबर तथा ईमेल आइडी अपडेट : अभ्यर्थी अपने मोबाइल नंबर तथा ईमेल आइडी परिवर्तित होने के कारण ओटीपी वेरिफिकेशन में नहीं होने की स्थिति में आयोग कार्यालय से संपर्क कर इन्हें संशोधित करवाने के उपरांत एप्लीकेशन फेच कर सकते हैं। एसआई भर्ती पुनः परीक्षा-2021 के अभ्यर्थियों हेतु यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध है।
नो-चेंज अभ्यर्थियों के लिए भी लॉग-इन अनिवार्य : जिन अभ्यर्थियों को अपने विवरण में कोई संशोधन नहीं करना है, उन्हें भी अनिवार्य रूप से एक बार अपना फॉर्म एडिट मोड में खोलना होगा। वहां अपनी लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के उपयोग की सहमति देनी होगी।
ओटीपी आधारित फाइनल सबमिशन : सहमति के पश्चात फाइनल सब्मिट बटन पर क्लिक कर पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी को दर्ज करना अनिवार्य है। इस अंतिम प्रमाणीकरण के बिना आवेदन की प्रक्रिया अधूरी मानी जाएगी।
महत्वपूर्ण सूचना
इस परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी सम्मिलित होने के पात्र हैं, जो पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में उपस्थित रहे थे। भर्ती के अंतर्गत आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण, भर्ती परीक्षा स्कीम एवं सिलेबस तथा अन्य समस्त नियम व शर्तें 3 फरवरी 2021 को जारी मूल विज्ञापन तथा 7 जून 2021 को जारी शुद्धि-पत्र के अनुसार ही यथावत रहेंगी। अभ्यर्थी प्रामाणिक व अद्यतन सूचनाओं के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें। जिन अभ्यर्थियों के विरूद्ध एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की शुचिता भंग करने के संबंध में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, उन्हें 16 मई से शुरू होने वाली एप्लीकेशन अपडेट प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे प्रकरण के तथ्यों का सूक्ष्मतापूर्वक अध्ययन करते हुये प्रत्येक प्रकरण पर विधिसम्मत निर्णय लिया जाकर तद्नुसार कार्यवाही कर परीक्षा आयोजन से पूर्व संबंधित अभ्यर्थियों को पृथक से सूचित किया जाएगा।


