जयपुर Abhayindia.com राजस्थान पंचायती राज चुनाव-2026 के पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 दोपहर 3 बजे तक तय की गई है। नामांकन दाखिल करने के लिए महज दो दिन का समय शेष रहने के कारण भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों में उम्मीदवारों के चयन और पहली सूची जारी करने को लेकर मैराथन बैठकें हो रही है।
जानकारी के अनुसार, पहले चरण के 16 जिलों की जिला परिषद और पंचायत समिति सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठकें अंतिम दौर में हैं। पार्टी संभवत: आज देर शाम तक अपने अधिकृत उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
वहीं, कांग्रेस में भी बैठकों का दौर चल रहा है। जयपुर स्थित वॉर रूम में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य वरिष्ठ नेता लगातार जिला और ब्लॉक कमेटियों से आए पैनल के आधार पर मंथन कर रहे हैं।
कांग्रेस इस बार स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले ‘जिताऊ’ चेहरों पर दांव लगा रही है। नामांकन की समय-सीमा को देखते हुए कांग्रेस में ज्यादातर नामों पर सहमति बन चुकी है। कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की पहली आधिकारिक सूची 12 अक्टूबर 2026 को जारी कर सकती है।
पहले चरण का चुनावी शेड्यूल
नामांकन की अंतिम तिथि: 13 अक्टूबर 2026 (दोपहर 3:00 बजे तक)
नामांकन पत्रों की जांच: 14 अक्टूबर 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 15 अक्टूबर 2026
चुनाव चिन्ह आवंटन: 15 अक्टूबर 2026 (नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही)
पहले चरण का मतदान: जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 7:00 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।



















