जयपुर Abhayindia.com राजस्थान विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान खूब हंगामा हुआ। सदन में आज बहस के बाद दो बिल पारित करवाए गए। कृषि उपज मंडी संशोधन विधेयक और अधिवक्ता कल्याण निधि संशोधन विधेयक को बहस के बाद आज पारित करवाया गया। इससे पहले गौवंश में फैल रही लम्पी बीमारी के मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। इसके बाद भाजपा विधायकों ने कड़ी आपत्ति की तो सदन में हंगामा हो गया।
असल में, नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने जब पशुपालन मंत्री के जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपके जवाब से तो यह लग रहा है कि केंद्र राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं करेगा तो आप सहायता नहीं दोगे। नेता प्रतिपक्ष के इतना कहते ही गोविंद सिंह डोटासरा बीच में खड़े हुए और कहा कि केंद्र क्यों नहीं करेगा, फिर आप लोग किसलिए बैठे हैं।
डोटासरा के बोलने पर नेता प्रतिपक्ष ने पूछा आप किस खाते में खड़े हुए हो। यह किस खाते का अधिकार है, आपदा राहत मंत्री हो क्या। डोटासरा ने पलटवार करते हुए कहा- यह सदन केवल गुलाबचंद कटारिया का ही नहीं है, यह सदन जितना उनका का है, उतना ही गोविंद सिंह डोटासरा का भी है। आपके और मेरे अधिकार यहां पर बराबर हैं। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सी. पी. जोशी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। जोशी ने कहा कि मंत्री अपने आप जवाब दे देंगे, आपको बीच में बोलने की आवश्यकता नहीं है।
इधर, नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने कहा कि कल भी मैंने सवाल उठाया था कि अप्रैल में जब लंपी के बारे में पता लग गया था तो सरकार अगस्त तक सोती क्यों रही। लापरवाही के जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं की।






















