जयपुर Abhayindia.com मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन तथा प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के निर्देशन में प्रदेश में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के तहत जयपुर के झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज गोदाम में निरीक्षण के दौरान 7-8 वर्ष पुरानी किशमिश एवं अखरोट रखे मिले।
खाद्य सुरक्षा दल ने संबंधित फर्मों के प्रतिनिधियों की सहमति से 3,180 किलोग्राम खराब किशमिश और 480 पैकेट अखरोट नष्ट करवाए। वहीं, मिलावट के संदेह पर 1,018 किलोग्राम काली मिर्च सीज की गई। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मार्गदर्शन एवं संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा के पर्यवेक्षण में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की।
झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज गोदाम के निरीक्षण के दौरान करीब 7-8 वर्ष पुरानी किशमिश एवं अखरोट रखे पाए गए। मौके पर किशमिश एवं अखरोट से संबंधित फर्म मैसर्स अर्चना एंटरप्राइजेज और दिल्ली ट्रेडिंग कंपनी के प्रतिनिधियों को बुलाया गया। उनकी सहमति से 3,180 किलोग्राम खराब किशमिश तथा 480 पैकेट अखरोट नष्ट करवाए गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य खराब एवं मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त खाद्य सामग्री को बाजार में पहुंचने से रोकना है।
एक अन्य कार्रवाई में मैसर्स मातेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी से काली मिर्च का एक नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिया गया। काली मिर्च में मिलावट के संदेह को देखते हुए 1,018 किलोग्राम सामग्री सीज की गई। नमूने की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। खराब खाद्य सामग्री के भंडारण, मिलावट तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।



















