









बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर ज़िले के नोखा क्षेत्र के गांव ढींगसरी की बेटी मुन्नी भांभू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय महिला फुटबॉल टीम की गोलकीपर मुन्नी ने लगातार दूसरे वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि देश के नाम दर्ज की है। वर्ष 2025 में SAFF U-17 Women’s Championship जीतने के बाद अब मुन्नी भांभू ने SAFF U-19 Women’s Championship में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और अपने असाधारण प्रदर्शन के चलते टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के प्रतिष्ठित सम्मान से भी नवाज़ा गया। पूरे टूर्नामेंट में अपने बेहतरीन बचाव, आत्मविश्वास और मेहनत से मुन्नी ने साबित कर दिया कि लगन और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता हैं।
यह उपलब्धि न केवल उनके कठिन परिश्रम और अनुशासन को दर्शाती है, बल्कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की प्रेरणादायक कहानी भी बयां करती है। मुन्नी की इस सफलता से पूरे ढींगसरी गांव, परिवार, खेल प्रेमियों और देशवासियों में खुशी की लहर है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि सच्ची लगन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी सपना साकार किया जा सकता है। गांव और क्षेत्रवासियों ने मुन्नी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि मुन्नी आगे भी इसी तरह भारत का मान बढ़ाती रहें और नई ऊंचाइयों को छूती रहें।
















