बीकानेर Abhayindia.com साइबर ठगी के पैसे वापस दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 20 लाख 25 हजार 939 रुपए नकद के साथ गाड़ी, लैपटॉप और मोबाइल हड़पने का मामला सामने आया है। कोटगेट थाना पुलिस ने परिवादिया की रिपोर्ट पर एक जने के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोटगेट पुलिस के अनुसार, रानी बाजार पोकर क्वार्टर निवासी किरण बाला पत्नी भगवानदास ने रिपोर्ट दी कि उनके साथ पहले ही 38,53,000 रुपए का साइबर फ्रॉड हो चुका था। इस संबंध में 9 अक्टूबर 2023 को साइबर थाना बीकानेर में FIR दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने चार्जशीट भी कोर्ट में पेश कर दी थी। इसी केस की जानकारी हरदेव शर्मा पुत्र पी. एन. शर्मा निवासी जी ब्लॉक, एमएस पार्क, जहादरा मैन, ईस्ट दिल्ली को लग गई।
आप टेंशन मत लो, यह राशि मैं मिनटों में निकलवा दूंगा
आरोप है कि हरदेव ने किरण बाला से संपर्क कर कहा -“आप टेंशन मत लो, यह राशि मैं मिनटों में निकलवा दूंगा। साइबर थाने में सब मेरे ही जानकार हैं। आप किसी की बात मत सुनना, मैं जो कहूं करती रहना। जल्दी ही सारे पैसे रिकवर करवा दूंगा।” पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने मई 2024 से नवंबर 2025 तक समय-समय पर किरण बाला से पैसे लिए। इस दौरान आरोपी ने कुल 20,25,939 रुपए नकद के अलावा गाड़ी, लैपटॉप और मोबाइल भी ले लिए। रुपए और सामान लेने के बाद आरोपी दिल्ली चला गया और वापस नहीं लौटा। न पैसे लौटाए न सामान। परिवादिया की रिपोर्ट पर कोटगेट थाना पुलिस ने आरोपी हरदेव शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेडकांस्टेबल हेतराम को सौंपी गई है।
इस तरह की "रिकवरी फ्रॉड" से बचने के 4 जरूरी पॉइंट
1. पुलिस कभी पैसे नहीं मांगती : साइबर थाना, बैंक या कोर्ट का कोई भी अधिकारी पैसे लेकर रिकवरी नहीं कराता।
2. “जान-पहचान” का झांसा : “मेरा ऊपर तक सेटिंग है” कहने वाले 90% फर्जी होते हैं।
3. सामान/डॉक्यूमेंट न दें : FIR, बैंक डिटेल, गाड़ी, मोबाइल जैसी चीजें किसी अंजान को न सौंपें।
4. शिकायत कहां करें : 1930 साइबर हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
नोट : अगर आपके साथ भी ऐसी रिकवरी के नाम पर ठगी हुई है तो तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल में शिकायत करें।













