Saturday, April 25, 2026
Hometrendingबीकानेर में लापरवाही बरतने पर 261 बीएलओ और 27 सुपरवाइजर को कारण...

बीकानेर में लापरवाही बरतने पर 261 बीएलओ और 27 सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस, 61 को चार्जशीट

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) चल रहा है। जिले में भी यह कार्य प्रगति पर है। लेकिन इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता वृष्णि ने बताया कि जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) कार्य में किसी भी प्रकार की कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसआईआर कार्य में जिले में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस और चार्जशीट देने की कार्रवाई संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों ( ईआरओ) द्वारा लगातार जा रही है। आवश्यकतानुसार निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी वृष्णि ने बताया कि जिले भर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) कार्य में लापरवाही बरतने पर निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों द्वारा जिले में अब तक कुल 261 बीएलओ और 27 सुपरवाइजर्ज को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ ही 57 बीएलओ व 04 सुपरवाइजर को 17 सीसीए चार्जशीट दी जा चुकी है। बीकानेर पश्चिम ईआरओ श्री रमेश देव ने शुक्रवार को एक साथ 122 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए।

बीकानेर पूर्व ईआरओ महिमा कसाना ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) कार्य में लापरवाही बरतने पर अब तक 14 बीएलओ, 15 सुपरवाइजर, 3 सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, 10 हेल्प डेस्क कार्मिकों और 03 सूचना सहायक व बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रेक्टर समेत कुल 45 कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस और 34 बीएलओ को चार्जशीट दी है।

बीकानेर पश्चिम ईआरओ रमेश देव ने शुक्रवार को एक साथ 122 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। वे अब तक 148 बीेएलओ को कारण बताओ नोटिस और 01 बीएलओ को 17 सीसीए की चार्जशीट दे चुके हैं।

कोलायत ईआरओ राजेश नायक अब तक 08 बीएलओ, 02 सुपरवाइजर, 03 पटवारी, 02 कार्यालय स्टाफ और 03 ब्लॉक लेवल अधिकारी को 17 सीसीए चार्जशीट दे चुके हैं।

नोखा ईआरओ गोपाल जांगीड़ ने अब तक 15 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस और 04 बीएलओ को 17 सीसीए चार्जशीट जारी की है। श्रीडूंगरगढ़ ईआरओ शुभम शर्मा अब तक 62 बीएलओ व 04 सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस और 02 बीएलओ को 17 सीसीए चार्जशीट दे चुके हैं।

खाजूवाला ईआरओ पंकज गढ़वाल अब तक 20 बीएलओ व 08 सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस और 01 बीएलओ को चार्जशीट दे चुके हैं। लूणकरणसर ईआरओ दयानंद रॉयल अब तक 02 बीएलओ को कारण बताओ नोटिस और 07 बीएलओ व 02 सुपरवाइजर को चार्जशीट दे चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी वृष्णि ने बताया कि अभियान के शुरुआती 10 दिनों में जिले के 94.07 फीसदी मतदाताओं तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) ने गणना प्रपत्र पहुंचा दिए हैं। इसमें नोखा विधानसभा की प्रगति सर्वाधिक 96.12 फीसदी है। बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित एवं एकत्रित कर रहे हैं। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में बीएलओ सक्रियता से प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर जानकारी का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। 04 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक चलने वाले इस अभियान में बीएलओ नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों का सूक्ष्म सत्यापन कर रहे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी वृष्णि ने बताया कि भरे हुए गणना प्रपत्रों का डिजिटल रूपांतरण ईसीआईनेट पर चल रहा है। जिले में अब तक 8.54 फीसदी फॉर्म डिजिटल रूप से दर्ज किए जा चुके हैं। जिसमें खाजूवाला में सर्वाधिक 10.89 फीसदी दर्ज किए गए हैं। वृष्णि ने सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटाइजेशन की गति को और तेज किया जाए तथा बीएलओ को आवश्यक तकनीकी सहायता सुनिश्चित की जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता वृष्णि ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने के विकल्प का अधिकाधिक उपयोग करें। मतदाता voters.eci.gov.in पर सीधे गणना प्रपत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन भरे गए फॉर्म सीधे संबंधित बीएलओ को प्राप्त हो जाते हैं, जिससे मतदाता को पुन: फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं रहती।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!