




बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। राजकीय मोहता मूलचंद उच्च माध्यमिक विद्यालय के एम. एम. ग्राउंड में बिना अनुमति के गतिविधियां संचालित करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। लम्बे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) के सदस्यों की मौजूदगी में खेल मैदान में संचालित तरणताल व जिम्नास्टिक सेंटर परिसर को सील कर दिया।
एसडीएमसी में पारित प्रस्ताव के साथ मैदान को सील करने की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी व माध्यमिक शिक्षा निदेशक को दी गई है। इसमें कई प्रकार की अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है। एम. एम. स्कूल प्रबंधन की ओर से अचानक की गई कार्रवाई से हड़कम्प सा मच गया। मौके पर एक संचालक भी पहुंचा, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने अनुमति पत्र लाने के बाद ही इस संबंध में चर्चा करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
एम. एम. ग्राउंड के एक हिस्से में नगर विकास न्यास की ओर से निर्मित तरणताल संचालित है। विद्यालय ने तरणताल पर अपना अधिकार बताते हुए विगत सालों में संचालन से प्राप्त राशि विद्यालय कोष में जमा करवाने की मांग की है। एसडीएमसी का आरोप है कि खेल मैदान में कथित अभय जिम्नास्टिक सेंटर नाम से जिम्नास्टिक गतिविधियां संचालित की जा रही है, जिसमें बच्चों से निर्धारित शुल्क लिया जा रहा है, जबकि इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन से कोई अनुमति नहीं ली गई। उन्होंने सेंटर पर अवैधानिक गतिविधियां संचालित होने का भी आरोप लगाया है।
प्रधानाचार्य दुर्गाशंकर पुरोहित ने बताया कि जिस स्थान पर अवैध रूप से जिम्नास्टिक सेंटर संचालित किया जा रहा है। वहां विद्यार्थियों व नागरिकों की ओर से पूर्व में पेड़ लगाए गए थे, जिनमें से कुछ हरे पेड़ जिम्नास्टिक सेंटर संचालकों ने बिना अनुमति के काट दिए और मौके पर पेड़ों के जमीन से सटे तने व सूखी लकडिय़ां मौजूद है। एसडीएमसी की मीटिंग में हरे पेड़ की कटाई को लेकर रोष जताया गया तथा जिला शिक्षा अधिकारी से पेड़ काटने में लिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
तीरंदाजी को अनुमति
एसडीएमसी ने एमएम ग्राउंड में वर्षों से संचालित द्रोणाचार्य तीरंदाजी संस्थान को विद्यालय प्रबंधन की स्वीकृति होने की बात कही है। इसके अलावा अन्य गतिविधियों के बिना स्वीकृति के संचालित होने की बात कहकर रोक लगा दी है। विद्यालय प्रबंधन ने सील लगाने की सूचना नयाशहर पुलिस थाने में भी दी है तथा सील तोडऩे पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
बैठक में हुआ निर्णय
एम. एम. स्कूल के मैदान की भूमि पर तरणताल संचालित होने के बावजूद विद्यालय को एक रुपए भी नहीं मिलने को लेकर सदस्य लम्बे समय से मंत्रणा कर रहे थे और लम्बे समय से तरणताल व जिम्नास्टिक सेंटर के नाम पर जेबे भरने की शिकायतें मिल रही थी, जिस पर एसडीएमसी ने दो दिन पहले मीटिंग कर मैदान के ताला लगाने का निर्णय किया। एसडीएमसी सदस्य व पार्षद शिवकुमार रंगा (सम्राट), प्रधानाचार्य एवं अध्यक्ष एसडीएमसी दुर्गाशंकर पुरोहित, व्याख्याता रामपाल सहू, सचिव शिवकुमार व्यास, सदस्य व व्याख्याता आभा शुक्ला, कुसुमलता शर्मा, करणीसिंह बि_ू, देवेन्द्र व्यास, मदनमोहन, महेश व्यास, लक्ष्मण मारू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।





