








नई दिल्ली Abhayindia.com गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों के रुझानों में भाजपा 155 सीटों पर आगे चल रही है। प्रदेश की 182 विधानसभा सीटों के लिए चल रही गिनती में कांग्रेस 18 सीटों पर और आप 6 सीटों पर आगे चल रही है। आपको बता दें कि बहुमत के लिए 92 सीटों पर जीत हासिल करनी जरूरी है। इस लिहाज से भाजपा काफी आगे चल रही है।
आपको यह भी बता दें कि रुझान यदि नतीजों में तब्दील हुए तो गुजरात में भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी जीत मिलेगी। वर्ष 2002 में भाजपा ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी, जो गुजरात में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन माना जाता था। इस चुनाव में भाजपा इससे भी आगे निकलती नजर आ रही है।
चुनावों के रुझानों के साथ ही भाजपा कार्यालय में जश्न शुरू हो गया है। गांधीनगर, राजकोट, अहमदाबाद सहित कई शहरों में बीजेपी के कार्यकर्ता जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।
कौन आगे, कौन पीछे…
मोरबी में भाजपा के कांतिलाल अमृतिया आगे चल रहे हैं। जिले की तीनों सीटों मोरबी, टंकारा और वांकानेर पर भाजपा आगे है। भावनगर (पश्चिम) से राज्य के शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी पीछे चल रहे हैं। खंभालिया सीट पर आप के सीएम उम्मीदवार इशुदान गढ़वी ने बढ़त बना ली है। यहां भाजपा दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। सूरत के कतारगाम से आप के गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं। वहां भाजपा–कांग्रेस और आप के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। घाटलोडिया से भाजपा उम्मीदवार और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आगे चल रहे हैं।





