Saturday, May 16, 2026
Hometrendingभजनलाल सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर डोटासरा का...

भजनलाल सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर डोटासरा का हमला, खुली बहस की दी चुनौती

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्‍थान कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री के विधायक दल का नेता चुने जाने के दो वर्ष पूर्ण होने पर की गई प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए आरोपों की बौछार कर दी है। डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार का जन्म पर्ची से हुआ और दो वर्षों में प्रदेश को हर क्षेत्र में पीछे धकेल दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनानी चाहिए थीं, लेकिन जनता से किए गए वादों पर चुप्पी साध ली गई। डोटासरा ने मुख्यमंत्री को अल्बर्ट हॉल पर जनता के सामने खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के काम खुद तुलना में सामने आ जाएंगे।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख रुपये तक का इलाज मिलता था, जिसे घटाकर 5 लाख कर दिया गया। दुर्घटना बीमा, नि:शुल्क दवा योजना और आरजीएचएस जैसी योजनाएं दम तोड़ रही हैं। कई अस्पताल योजना से बाहर हो चुके हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में दवाइयों का संकट बना हुआ है। सांचौर मेडिकल कॉलेज परियोजना को निरस्त करना सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

डोटासरा ने कहा कि किसान खाद के लिए लाइन में खड़े हैं, लाठियां खा रहे हैं, गेहूं पर बोनस और समर्थन मूल्य के वादे पूरे नहीं किए गए। किसान सम्मान निधि बढ़ाने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। शिक्षा विभाग में सवा लाख शिक्षकों की कमी है, तबादलों और भर्तियों में भ्रष्टाचार हो रहा है, जबकि महिला आरक्षण जैसे वादे हवा में हैं। उन्‍होंने आरोप लगाया कि इंदिरा रसोई, फूड पैकेट योजना, पशुधन बीमा, 150 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद या कमजोर कर दी गईं। ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना बनाने की घोषणा के बावजूद केंद्र से एक रुपया भी नहीं मिला। यमुना जल परियोजना की डीपीआर को लेकर मुख्यमंत्री के बयान विरोधाभासी हैं। डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं, कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, बड़े हादसों पर सरकार की संवेदनशीलता नजर नहीं आती।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!