Hometrendingराजस्‍थान के सभी जिलों में होंगे प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन, प्रवासियों को मिलेगा...

राजस्‍थान के सभी जिलों में होंगे प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन, प्रवासियों को मिलेगा सम्मान

जयपुर Abhayindia.com मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जुलाई, 2026 में प्रवासी राजस्थानियों के साथ सशक्त संवाद एवं सहभागिता स्थापित करते हुए प्रभावी तंत्र विकसित करने के लिए जिला प्रकोष्ठ स्थापित करने के लिए सभी जिला कलक्टरों को पत्र लिखा था। साथ ही, डोरा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) शिखर अग्रवाल द्वारा भी 25 सितंबर, 2026 को आरडीएसपी के डेटा को अद्यतन के संबंध में जिला कलक्टरों को पत्र लिखा गया था।

राजस्थान फाउंडेशन आयुक्त मनीषा अरोड़ा ने मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों की प्रगति के समीक्षा के लिए जिले के संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस दौरान जिला प्रवासी प्रकोष्ठों के गठन एवं संचालन, प्रवासी राजस्थानियों (एनआरआर) के डेटाबेस, शिकायत निवारण और राजस्थान डेवलपमेंट सपोर्ट पोर्टल (आरडीएसपी) से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के तहत प्रदेश के सभी 41 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रवासी राजस्थानियों को जिला स्तरीय सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रकोष्ठ गठन और डेटाबेस
अपडेट पर जोर

बैठक में जिला प्रवासी प्रकोष्ठों को कार्यशील बनाने और एनआरआर डेटाबेस को नियमित रूप से अपडेट करने पर जोर दिया गया। राजस्थान फाउंडेशन के पास उपलब्ध प्रवासी राजस्थानियों का डेटा जिलों के साथ साझा किया गया है। जिला प्रशासन इसमें नए विवरण जोड़कर डेटाबेस को विस्तृत करेगा। संपर्क पोर्टल और ईमेल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा उनका रिकॉर्ड संधारित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में आरडीएसपी के डेटा को अद्यतन करने संबंधी कार्य की अब तक की प्रगति की भी समीक्षा की गई। साथ ही, प्रवासी राजस्थानियों के सामाजिक योगदान को सामने लाने के लिए जिला स्तर पर पुस्तिकाएं एवं कॉफी टेबल बुक प्रकाशित करने पर भी जोर दिया गया।

हर जिले के लिए समन्वयक नियुक्त

राजस्थान फाउंडेशन और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) की ओर से प्रत्येक जिले के लिए समन्वयक कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। लगभग सभी जिलों का दौरा कर चुके इन कार्मिकों के संपर्क नंबर जिला प्रशासन के साथ साझा किए गए हैं। इस संबंध में आयुक्त की ओर से सभी जिला कलक्टरों को पत्र भी भेजा गया है।

बैठक में डोरा और राजस्थान फाउंडेशन की गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। साथ ही जिला अधिकारियों की ओर से उठाए गए सवालों और जिज्ञासाओं के जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular