Hometrendingमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 14 अगस्त को मेघासर में करेंगे मेघोजी महाराज की...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 14 अगस्त को मेघासर में करेंगे मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com राज्य स्तरीय स्वतंत्रता समारोह-2026 के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 14 अगस्त को श्री कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर में प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे तथा मेघासर में आयोजित प्रस्तावित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर श्री कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने आज प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा बीकानेर देहात संगठन के पदाधिकारियों के साथ मेघासर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। विधायक भाटी ने प्रस्तावित आमसभा स्थल का मौका निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान जनसभा स्थल के साथ प्रस्तावित हेलीपैड के लिए स्थान का भी निरीक्षण एवं चयन किया गया। विधायक भाटी ने अधिकारियों से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, मंच, आमजन के बैठने की व्यवस्था सहित कार्यक्रम से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए समयबद्ध रूप से सभी तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि मेघासर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आगमन पूरे कोलायत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। राज्यस्तरीय स्वतंत्रता समारोह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने वाला अवसर है। ग्राम संस्थापक मेघोजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा एवं इतिहास के प्रति सम्मान का प्रतीक है। विधायक भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के स्तर पर समन्वित रूप से तैयारियाँ की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन गरिमापूर्ण एवं ऐतिहासिक रूप से सफल हो।

विधायक भाटी ने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटें तथा अधिक से अधिक संख्या में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान ADSP बी.एल. मीणा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, सरपंच आसकरण उपाध्याय, नथमल उपाध्याय, हाडला सरपंच जयसिंह भाटी, भोलासर सरपंच पवन जोशी, भाजपा नेता महावीर सिंह चारण, मगेज सिंह भाटी, मोहन उपाध्याय एवं हरि उपाध्याय, जेठमल भेलू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular