Hometrendingराजस्‍थान कांग्रेस में कलह पर भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष राठौड़ का तंज- गहलोत...

राजस्‍थान कांग्रेस में कलह पर भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष राठौड़ का तंज- गहलोत को गिराने में लगे गोविंद, पायलट तलाश रहे मौका

AdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्‍थान कांग्रेस अध्‍यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के एक सियासी बयान के बाद प्रदेश में बयानों के बाण चलने तेज हो गए हैं। इस क्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी मैदान में कूद पड़े हैं। राजधानी स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई एक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि आज टीकाराम जूली का कद बढ़ रहा है, यह डोटासरा को पसंद नहीं है। अशोक गहलोत का जो राजनीतिक कद है, उसे गिराने में भी डोटासरा पीछे नहीं हैं। दूसरी तरफ सचिन पायलट इंतजार कर रहे हैं कि कब दोनों के बीच टकराव बढ़े और उन्हें आगे आने का मौका मिले। कांग्रेस में इस समय एक तरह की ‘जलेबी रेस’ चल रही है, जिसमें हर कोई कुर्सी तक पहले पहुंचना चाहता है

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अपने आंतरिक विवादों में इतनी उलझी हुई है कि उसे राज्य सरकार के विकास कार्य दिखाई ही नहीं दे रहे। हमने ईआरसीपी परियोजना को आगे बढ़ाया, जिससे 16 जिलों को पानी मिलेगा। यमुना जल समझौते से शेखावाटी क्षेत्र को लाभ होगा। नर्मदा और पंजाब से अतिरिक्त पानी की मांग भी की गई है। कई बांधों को मजबूत करने का काम हुआ है। उन्होंने बिजली क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बिजली खरीदनी पड़ती थी और कटौती होती थी। आज राजस्थान बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है और बिजली बेचने की स्थिति में है।

उन्‍होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ा है और एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। उनके मुताबिक सरकार अब तक करीब ढाई लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है। उन्होंने रिफाइनरी परियोजना, रोडवेज के सुदृढ़ीकरण और पुलिस संसाधनों में वृद्धि का भी जिक्र किया। उन्‍होंने कहा हमने रोडवेज को घाटे से बाहर निकालने की दिशा में काम किया, नई बसें दीं और पुलिस को आधुनिक वाहन उपलब्ध कराए। पहले अपराधी बच निकलते थे और पुलिस पर हमले होते थे, लेकिन अब अपराध होते ही तत्काल गिरफ्तारी और कार्रवाई होती है।

आपको बता दें कि आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव संचालन समिति’ की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की रणनीति, बूथ प्रबंधन, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। भाजपा ने दावा किया कि संगठन चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा चुका है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular