Hometrendingनिकाय और पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा, सीएम और प्रदेशाध्‍यक्ष...

निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा, सीएम और प्रदेशाध्‍यक्ष की मौजूदगी में बनी रणनीति

जयपुर Abhayindia.com प्रदेश में आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा में तैयारियां का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की मौजूदगी में संभाग प्रभारियों की पहली रणनीतिक बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक का मुख्य फोकस नगरीय निकाय चुनाव रहा। इसमें प्रत्येक संभाग की राजनीतिक स्थिति, संगठन की तैयारियों, स्थानीय समीकरणों और चुनावी रोडमैप पर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि निकाय और वार्डवार प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न चुनावी समितियों का गठन होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच काई आपसी मतभेद हो तो उसे खत्म करें। उन्होंने कहा कि संगठन में बेहतर सामंजस्य के साथ आगे बढ़ना होगा

बैठक के दौरान संभाग प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव को लेकर भी चर्चा हुई। बताया जाता है कि केंद्रीय संगठन ने कुछ वरिष्ठ नेताओं को उनके गृह संभाग की जिम्मेदारी दिए जाने पर असहमति जताई है। वहीं, अरुण चतुर्वेदी को भरतपुर की बजाय अजमेर संभाग और अशोक परनामी को अजमेर के स्थान पर भरतपुर संभाग की जिम्मेदारी दिए जाने पर सहमति बनी है। चतुर्वेदी मूल रूप से भरतपुर क्षेत्र से आते हैं। जयपुर संभाग में घनश्याम तिवाड़ी और लालचंद कटारिया जैसे स्थानीय नेताओं को अन्य जिम्मेदारी दिए जाने पर भी पुनर्विचार हुआ। घनश्याम तिवाड़ी को उनके वरिष्ठ कद को देखते हुए संचालन मंडल में रखा जा सकता है। जयपुर संभाग के लिए सुखबीर सिंह जौनपुरिया, शंकर सिंह राजपुरोहित और प्रसन्न मेहता के नामों पर भी विचार हुआ है। हालांकि, पार्टी ने इन बदलावों की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular