








बीकानेर Abhayindia.com पुलिस बैंड पर बजती मधुर स्वर लहरिया। मोटरसाइकिलों पर हैरतअंगेज करतब करते जवान। शुक्रवार को यह नजारा था, डॉ.करणीसिंह स्टेडियम का। मौका था स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम पूर्व महाभ्यास का। इसमें सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक से बढ़कर एक सहासिक करतब दिखाए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बी. आर. धोजक ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया एवं मार्च पास्ट की सलामी ली।
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले मार्च पास्ट के पूर्वाभ्यास में प्लाटून ने कदम से कदम मिलाकर देश की एकता एवं अखण्डता का संदेश दिया। इनमें आरएसी की तीसरी व दसवीं बटालियन, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, बॉर्डर होमगार्डस, राजस्थान अरबन होमगार्डस, एनसीसी की सातं राज.बटालियन एवं महारानी सुदर्शना कन्या महाविद्यालय की टुकड़ी शामिल हुई। इस दौरान आरएसी एवं राजस्थान पुलिस के बैण्ड ने सुमधुर स्वर लहरिया बिखेरी। योग-व्यायाम का प्रदर्शन किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जागरूकता के सम्बंध में गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
इस दौरान पर सीमा सुरक्षा बल के डी.आई.जी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अरूण प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया, नगर निगम आयुक्त पंकज शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. चाहर, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुरेन्द्र सिंह भाटी सहित विभिन्न अधिकारीगण मौजूद रहे।





