




अजमेर (अभय इंडिया न्यूज)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कमान भाजपा कार्यकर्ता ही संभालेगा। इसे लेकर कोई विवाद नहीं है। कर्नाटक चुनाव के चलते घोषणा नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही नया अध्यक्ष तय हो जाएगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने यह बयान रविवार को अजमेर में दरगाह जियारत के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया।
दिल्ली में कांग्रेस की रैली के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह रैली फ्लॉप साबित हुई है। अब देश के लोगों में कांग्रेस के प्रति विश्वास नहीं बचा है। राष्ट्रीय प्रवक्ता हुसैन ने कहा कि अल्पसंख्यकों के खून से कांग्रेस का दामन दागदार हो चुका है। अब कांग्रेस को सेक्यूलर कहने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस के पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के हाथ अल्पसंख्यकों के खून से रंगे है। राहुल गांधी ने दिल्ली रैली में इसे स्वीकार किया है। देश में हजारों दंगा करवाने वाली कांग्रेस अब खुद को सेक्यूलर कहती है।
कांग्रेस का दोहरा चरित्र
शाहनवाज ने कहा कि कांग्रेस के नेता कोर्ट में जाकर कहते हैं राम मंदिर पर सुनवाई टाली जाए और चुनाव में राममंदिर-राममंदिर का अलाप छेड़ देती है। कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब अल्पसंख्यकों के खून के धब्बों को स्वीकार कर लिया है। हुसैन ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा को मिलेगा अपार बहुमत मिलेगा। भाजपा चुनाव जीतेगी एवं येदुरेप्पा के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो में भारी तादाद में लोग आ रहे हैं।
उपचुनाव पर घमंड ठीक नहीं
राष्ट्रीय प्रवक्ता हुसैन ने कहा कि राजस्थान में उपचुनाव में किन्हीं कारणों से भाजपा नहीं जीत पाई। अगर कांग्रेस इस घमंड एवं अहंकार में है तो आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से भाजपा जीत कर दिखा देंगे। कांग्रेस को उपचुनाव की जीत पर घमंड नहीं करना चाहिए। पीएम मोदी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि विरोधी पार्टियां मोदी को हटाने में और जनता बचाने में जुटी है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा अपने दम पर 300 सीटें जीतेगी और सहयोगियों के साथ 400 सीटें जीतेगी।
शर्मनाक हैं ये घटनाएं
हुसैन ने कहा कि देश में मासूम बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं शर्मनाक है। केन्द्र सरकार सख्त कानून बना दिया है। नए अध्यादेश लेकर आई है, जिसमें रेप का आरोपी को फांसी की सजा देने का प्रावधान है।





