








जयपुर abhayindia.com प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा के नेताओं को आडे हाथों लेते हुए कहा कि आज जो आधुनिक भारत दिख रहा है, उसके पीछे कांग्रेस के 70 साल का इतिहास और नेताओं का विजन था, जबकि भाजपा के लोगों ने देश को गुमराह करने का ठेका ले रखा है।
सीएम गहलोत सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती के मौके पर जयपुर के बिड़ला सभागार में राजस्थान इनोवेशन विजन (राजीव) के राज्य स्तरीय समारोह सूचना क्रांति एवं स्टार्ट अप में बोल रहे थे।

गहलोत ने कहा कि देश के बड़े-बड़े बांध, कारखाने, आइआइएम, आइआइटी और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (आइएसआरओ, इसरो) जैसे संस्थानों की नींव भारत में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने रखी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश को आगे बढ़ाया। लेकिन, आज इनके योगदान को सोशल मीडिया के माध्यम से नकारने की मुहिम चलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है। जो लोग इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वे कभी अपना इतिहास नहीं बना पाएंगे। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर और मोबाइल राजीव गांधी की देन हैं। राजीव गांधी के योगदान की वजह से देश कहां से कहां पहुंच गया। सीएम गहलोत ने कहा कि देश को 21वीं सदी में ले जाने के लिए राजीव गांधी ने छह मिशन बनाए थे। राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन करके पंचायतों के चुनाव कराए। सत्ता का विकेंद्रीकरण किया। महिलाओं को आरक्षण देकर सत्ता में भागीदारी दी।





