








जयपुर Abhayindia.com कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों में विज्ञान एवं गणित के प्रति रुचि, विषयों की समझ और तार्किक सोच विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शिक्षा संकुल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक अशोक मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सिरोही एवं डूंगरपुर जिलों में संचालित STEM शिक्षा कार्यक्रम की प्रगति, अनुभवों, उपलब्धियों और क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई।
राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् (RSCERT), उदयपुर के नेतृत्व में UNICEF राजस्थान एवं CMF–Tata Trust के सहयोग से दोनों जिलों में विज्ञान एवं गणित की शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है। इस साझेदारी के अंतर्गत राज्य स्तर पर शिक्षक प्रशिक्षण और शिक्षकों की क्षमता संवर्धन के प्रयासों में भी तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है।
बैठक में गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थी विज्ञान और गणित की अवधारणाओं को समझकर सीख सकें। शिक्षक प्रशिक्षण का प्रभाव कक्षा-कक्ष के शिक्षण और विद्यार्थियों के सीखने में दिखाई दे, इसके लिए RSCERT, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) और राज्य संसाधन समूह (SRG) के माध्यम से निरंतर अकादमिक सहयोग एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता पर बल दिया गया।
कार्यक्रम की सफल प्रक्रियाओं को राज्य की मौजूदा शिक्षक प्रशिक्षण एवं अकादमिक सहयोग व्यवस्था से जोड़ने और अन्य क्षेत्रों में उनके विस्तार की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में UNICEF की शिक्षा विशेषज्ञ अमृता सेनगुप्ता, शिक्षा अधिकारी जितेंद्र शर्मा तथा CMF–Tata Trust के प्रतिनिधि विजय सिंह उपस्थित रहे। इनके साथ RSCERT, शिक्षा विभाग, प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, सिरोही एवं डूंगरपुर के DIET तथा SRG से जुड़े अधिकारियों और शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।






