Hometrendingएसीबी की बड़ी कार्रवाई : प्रवर्तन अधिकारी को 1 लाख रुपए की...

एसीबी की बड़ी कार्रवाई : प्रवर्तन अधिकारी को 1 लाख रुपए की रिश्‍वत लेते दबोचा, अन्‍य लोगों की भी हो रही जांच

जयपुर Abhayindia.com भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के एक प्रवर्तन अधिकारी को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्‍वत के राशि आरोपी ने एक फर्म के खिलाफ पीएफ जमा नहीं कराने के मामले में कार्रवाई नहीं करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं कराने की एवज में मांगी थी। एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। इस मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हो रही है।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू मौर्य के रूप में हुई है। वह जयपुर स्थित कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में प्रवर्तन अधिकारी के पद पर कार्यरत है।

प्रकरण के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म में काम करने वाले कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं कराने के संबंध में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य दो लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसका गोपनीय सत्यापन कराया। इस दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन में सामने आया कि आरोपी अधिकारी एक लाख रुपए लेने पर सहमत हो गया था। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।

बुधवार को परिवादी की फर्म के सीए की मौजूदगी में सह-परिवादी ने आरोपी अधिकारी को एक लाख रुपए दिए। जैसे ही सोनू मौर्य ने रिश्वत की रकम प्राप्त की, पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। यह कार्रवाई एसीबी उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में जयपुर नगर चतुर्थ चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने की। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular