बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर रेंज (चार जिले- बीकानेर, श्रीगंगानगर, चुरू, हनुमानगढ़) में बीते 3 वर्षों में साइबर ठगी के 45 हजार मामले सामने आए हैं। इनमें कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 19 करोड़ 94 लाख रुपए की राशि को होल्ड कराया। पुलिस की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, बीकानेर जिले में साल 2026 में अब तक चोरी हुए या खोए हुए 381 मोबाइल भी बरामद किए गए। वहीं, 4 जिलों में सीईआईआर पोर्टल से तीन साल में 13 हजार 789 मोबाइल फोन मिले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, बीकानेर रेंज के चार जिलों में साइबर अपराध लगातार बढ़ा। हालांकि ठगी की राशि में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 से अब तक साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर 45 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देश पर बीकानेर रेंज के बीकानेर, श्रीगंगानगर, चुरू व हनुमानगढ़ जिलों में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा रही है।
सीईआईआर पोर्टल के जरिए रेंज में वर्ष 2024 में 4,281, वर्ष 2025 में 5,281 और वर्ष 2026 में 4,227 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में बीकानेर में 381, श्रीगंगानगर में 616, हनुमानगढ़ में 2,963 और चूरू में 267 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने आमजन से साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने और गुम या चोरी हुए मोबाइल की जानकारी सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज करवाने की अपील की है।



















