Hometrendingपुलिसकर्मियों की मृत्यु या पूर्ण विकलांगता पर सहायता राशि बढ़ाने पर मंथन,...

पुलिसकर्मियों की मृत्यु या पूर्ण विकलांगता पर सहायता राशि बढ़ाने पर मंथन, पुलिस लाइनों में सुविधाएं, सीएसआर से सहयोग और ग्रीन ड्राइव भी विचार

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान पुलिस कार्मिक कल्याण न्यास की न्यासी समिति की 53वीं बैठक गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में हुई। समिति के अध्यक्ष एवं महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। इसके बाद पिछली बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा के साथ विभिन्न नए प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में न्यास के माध्यम से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को मिलने वाली सहायता का दायरा बढ़ाने पर मंथन हुआ। वर्तमान में पुलिस सेवा के दौरान मृत्यु होने या पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में दी जाने वाली 50 हजार रुपए की सहायता राशि बढ़ाने के सुझावों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने, पुलिस लाइनों में सुविधाओं का विस्तार करने और पुस्तकालय निर्माण जैसे प्रस्तावों पर विचार किया गया।

पुलिस परिसरों में हरियाली बढ़ाने के लिए ग्रीन ड्राइव शुरू करने का सुझाव भी सामने आया। बैठक में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को जरूरत के समय बेहतर सहायता उपलब्ध कराने तथा कल्याणकारी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

न्यास के कोष को मजबूत करने के लिए कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत संस्थानों से सहयोग प्राप्त करने और पुलिसकर्मियों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के विकल्पों पर भी चर्चा हुई। डीजीपी शर्मा ने कहा कि कार्मिक कल्याण पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। न्यास का दायरा बढ़ाने और पुलिसकर्मियों के हित में कल्याणकारी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दिए गए सुझावों पर कार्य किए जाएं।

बैठक में समिति के उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह, महासचिव एवं महानिरीक्षक पुलिस कैलाशचंद विश्नोई, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular