







बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम के मेयर चुनाव से 36 घंटे पहले भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत ने लाइव वीडियो जारी कर पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला पर सीधा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने कल्ला पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए उनके 45 साल के राजनीतिक करियर को ही कठघरे में खड़ा कर दिया।
कल्ला पर परिवारवाद का बड़ा आरोप
लाइव वीडियो में डॉ. शेखावत ने कहा- “पिछले 45 सालों में डॉ. कल्ला बीकानेर को 90 साल पीछे ले गए। जब नगर निगम में मेयर के चुनाव की बात आई तो डॉ. कल्ला को सभी 80 वार्डों में सिर्फ अपने भतीजे अनिल कल्ला ही कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नजर आए। उन्हें अपनी पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता मकसूद अहमद, नवरतन डागा, दिलीप बांठिया याद नहीं आए।”
"यह चुनाव 45 साल की राजनीति बनाम नए विजन की लड़ाई है"
शेखावत ने इसे पुरानी और नई सोच की लड़ाई बताते हुए कहा- “यह चुनाव 45 साल की राजनीति और नए विजन से राजनीति करने वालों के बीच है। आने वाले 5 साल मुझे दीजिए, मैं आपको भरोसा दिलाता हूं मैं अपने विजन के साथ बीकानेर का विकास करूंगा।”
अंतरात्मा की रणनीति पर भाजपा का मास्टर प्लान
आपको बता दें कि डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत इस समय ‘अंतरात्मा की आवाज’ की रणनीति पर काम कर रहे हैं। 8 निर्दलीय पार्षदों को अपने साथ दिखाकर और कांग्रेस में सेंधमारी का दावा करके वे भाजपा का बोर्ड बनाने का दम भर रहे हैं।
एक तरफ कांग्रेस ‘नोटिस पॉलिटिक्स’ का आरोप लगा रही है तो दूसरी तरफ भाजपा ‘परिवारवाद’ को मुद्दा बनाकर कल्ला को घेर रही है। अब 21 सितंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि बीकानेर की जनता 45 साल के अनुभव को चुनती है या नए विजन के दावे को।
बीकानेर मेयर चुनाव में जुबानी जंग तेज, BJP प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह का लाइव आकर कल्ला पर बड़ा हमला – बोले, “45 साल में कल्ला बीकानेर को 90 साल पीछे ले गए”







