बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम मेयर चुनाव से ठीक पहले बीकानेर की सियासत में बड़ा भूचाल आ गया है। कांग्रेस की बाड़ेबंदी में मौजूद नवनिर्वाचित पार्षद मनोज बिश्नोई को बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अंतिम नोटिस थमा दिया है।
क्या है नोटिस में?
17 सितंबर को जारी इस अंतिम नोटिस में कहा गया है कि रानी बाजार स्थित होटल शौर्य 3.0 का संचालन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा है।
– मौके पर भवन निर्माण बिल्डिंग बायलॉज के विपरीत पाया गया।
– 9 फरवरी 2026 को जारी पहले नोटिस के 6 महीने बाद भी स्वामित्व, नक्शा पास, भू-उपयोग परिवर्तन जैसे कोई दस्तावेज पेश नहीं किए गए।
– अब 2 दिन के भीतर सभी दस्तावेज पेश नहीं किए तो BDA अधिनियम 2025 की धारा 32 के तहत होटल को सीज करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मनोज बिश्नोई का आरोप- भाजपा करवा रही है दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई
नोटिस मिलने के बाद पार्षद मनोज बिश्नोई ने आरोप लगाया है कि मेयर चुनाव में कांग्रेस के पास 42 का बहुमत है और उन्हें बाड़ेबंदी से तोड़ने के लिए भाजपा सरकार दुर्भावनावश BDA के जरिए दबाव बना रही है।
डॉ. बीडी कल्ला व बिशनाराम सियाग ने की कार्रवाई की निंदा
इस मामले में पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला खुलकर पार्षद के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने बयान जारी कर कहा- “वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कांग्रेस के पार्षद मनोज बिश्नोई जी को BDA का अंतिम नोटिस और सिर्फ 2 दिन में दस्तावेज पेश करने का अल्टीमेटम देना सरकार की हताशा को प्रदर्शित करता है। मैं वर्तमान समय में की गई ऐसी कार्रवाई की निंदा करता हूं। कानून के राज में विधि सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए।” वहीं, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने भी कांग्रेस प्रत्याशी बिशनोई का समर्थन किया है। सियाग ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या का प्रयास किया जा रहा हे।
आपको बता दें कि मेयर चुनाव से ठीक 4 दिन पहले एक कांग्रेस पार्षद पर हुई इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस खेमा इसे “ऑपरेशन लोटस” बता रहा है, जबकि भाजपा इसे नियमानुसार कार्रवाई बता रही है।
बीकानेर में मेयर चुनाव से पहले सियासत गरमाई : कांग्रेस पार्षद के होटल को बीडीए का अंतिम नोटिस, सीज करने की चेतावनी, मनोज बिश्नोई का बड़ा बयान…



















