बीकानेर Abhayindia.com शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ, राजस्थान, बीकानेर ने 50वीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के नाम पर कर्मचारियों से जबरन चंदा वसूली का आरोप लगाते हुए राज्य के शीर्ष अधिकारियों को पत्र लिखा है। संघ ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य एवं कोषाध्यक्ष नवरतन जोशी ने गुरुवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तथा विभाग के उच्च अधिकारियों को अति आवश्यक पत्र भेजा है। साथ ही अतिरिक्त निदेशक शैलेन्द्र देवड़ा से वार्ता भी की।
क्या है पूरा मामला?
पत्र में बताया गया कि 50वीं खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय सादुल स्पोर्ट्स स्कूल को दिया गया था। इसके लिए राज्य सरकार ने 8 लाख रुपये स्वीकृत किए थे, जिसमें 3 लाख रुपये गणवेश के व 5 लाख रुपए सादुल स्पोर्ट्स स्कूल को दिए गए। आचार्य ने आरोप लगाया कि विभाग में लंबे समय से बैठे कुछ कर्मचारियों द्वारा प्रतियोगिता के नाम पर ऑनलाइन व काउंटर दोनों माध्यम से चंदा वसूली की जा रही है। पिछले साल भी जब यह मामला उठा था तो अतिरिक्त निदेशक को जांच के लिए कहा गया था। उस समय जांच में इन कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई थी।
संघ का कहना है कि पिछले साल निदेशक ने इस मामले की जांच कर एक माह तक रसीद बुक जमा करवा दी थी और कहा था कि भविष्य में ऐसा न हो। लेकिन अब फिर से वही कर्मचारी चंदा वसूली का दबाव बना रहे हैं। जिन कर्मचारियों ने चंदा नहीं दिया, उन्हें खिलाफत भी की जा रही है। रसीद एवं अन्य कागजात भी रसीद बुक में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण मजबूर होकर आज फिर से यह पत्र लिखा गया है,” पत्र में कहा गया।
संघ की मांग
1. इस मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए
2. दोषी कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई की जाए
3. भविष्य में इस तरह की वसूली पर रोक लगे
















