Friday, May 29, 2026
Hometrendingबीकानेर में जनसमस्‍याओं को लेकर कांग्रेसजनों ने किया विरोध प्रदर्शन, कलेक्‍ट्रेट के...

बीकानेर में जनसमस्‍याओं को लेकर कांग्रेसजनों ने किया विरोध प्रदर्शन, कलेक्‍ट्रेट के समक्ष मटके फोड़े

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आज बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों, साथ ही शहर में गहराते पेयजल संकट और बार-बार हो रही बिजली कटौती के विरोध में जोरदार पैदल मार्च एवं मटका फोड़ प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस नेता विकास तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के प्रदर्शन के दौरान दो अलग-अलग ज्ञापन एक राष्ट्रपति के नाम एवं दूसरा राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से सौंपे गए। राष्ट्रपति को दिए गए ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में निरंतर वृद्धि से आमजन पर पड़ रहे आर्थिक बोझ, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद राहत न मिलने, तथा करों में कटौती कर कीमतें कम करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। वहीं, राज्यपाल को दिए गए ज्ञापन में बीकानेर शहर में नहर बंदी के बाद भी पेयजल संकट, कम प्रेशर से पानी की आपूर्ति, लंबित पेयजल परियोजनाओं तथा भीषण गर्मी में बार-बार हो रही बिजली कटौती की गंभीर समस्याओं को उठाते हुए तत्काल समाधान की मांग की गई।

इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई के अभूतपूर्व संकट से जूझ रही है, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी कर आमजन की कमर तोड़ दी गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद कीमतों में राहत नहीं देना जनता के साथ खुला विश्वासघात है। बीकानेर में पानी की समस्या प्रशासनिक विफलता का परिणाम है और करोड़ों की योजनाएं समय पर पूरी नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती कर आमजन को परेशान किया जा रहा है, जो बिल्कुल अस्वीकार्य है। निजी कंपनियों की मनमानी पर सरकार की चुप्पी संदेह पैदा करती है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करेगी और जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी।

पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकारें पूरी तरह जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही हैं और आमजन की समस्याओं से उनका कोई सरोकार नहीं है। महंगाई चरम पर है और गरीब-मध्यम वर्ग का जीवनयापन मुश्किल हो गया है, लेकिन सरकार केवल दिखावे में व्यस्त है। पेट्रोल-डीजल और गैस पर भारी कर लगाकर जनता की जेब पर सीधा डाका डाला जा रहा है। बीकानेर में पानी की कृत्रिम समस्या खड़ी कर आमजन को परेशान किया जा रहा है, जिससे पानी माफियाओं को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं बिजली कटौती ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। जनता बिल चुका रही है, फिर भी सुविधाएं नहीं मिलना अन्याय है। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी और सरकार को जवाब देना पड़ेगा। जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने गए कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!