जयपुर Abhayindia.com कोचिंग संस्थानों में कर अनुपालन की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाणिज्यिक कर विभाग ने सीकर के पिपराली रोड स्थित पाथ करियर इंस्टीट्यूट एम/एस ONEPCI Edu Venture Private Limited पर सर्वे कार्रवाई की। कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध शुरू की गई सिलसिलेवार जांच की कड़ी में की गई इस कार्रवाई के दौरान प्रारंभिक जांच में संस्थान द्वारा वास्तविक कारोबार की तुलना में कम टर्नओवर घोषित करने का मामला सामने आया।
जांच के दौरान विभाग ने लगभग 2.01 करोड़ रुपए की कर देयता चिन्हित की। कार्रवाई के दौरान संस्थान द्वारा 1.40 करोड़ रुपए की कर राशि तत्काल जमा करा दी गई है, जबकि शेष लगभग 61 लाख रुपए की राशि भी अगले माह जमा कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि संस्थान नीट (NEET) अभ्यर्थियों को कोचिंग सेवाएं प्रदान करता है। मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई वाणिज्यिक कर विभाग की एनफोर्समेंट विंग-II, सर्किल-सी की टीम द्वारा की गई।













