जयपुर Abhayindia.com शहरों में सुरक्षित, रसायनमुक्त और ताजी सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अंतरराष्ट्रीय उद्यानिकी नवाचार एवं प्रशिक्षण संस्थान (IHITC), दुर्गापुरा, जयपुर द्वारा पहली बार रूफटॉप फार्मिंग एवं किचन गार्डनिंग विषय पर दो दिवसीय प्रायोगिक (प्रैक्टिकल आधारित) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 22 एवं 23 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को आयोजित होगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को अपने घर की छत, बालकनी या सीमित स्थान में जैविक एवं रसायनमुक्त सब्जियों का उत्पादन करने की तकनीकों से परिचित कराना है, जिससे परिवारों को सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को रूफटॉप गार्डन की स्थापना, किचन गार्डन की वैज्ञानिक तकनीक, जैविक पोषण प्रबंधन, प्राकृतिक कीट एवं रोग नियंत्रण, मौसमी सब्जियों की उन्नत खेती तथा पौधों की देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान में आवेदन पत्र भरकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। आवासीय प्रशिक्षण शुल्क 4,000 रुपये तथा गैर-आवासीय प्रशिक्षण शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। आवासीय प्रतिभागियों के लिए ठहरने, जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था संस्थान द्वारा की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पूर्णतः प्रायोगिक अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण के समापन पर परीक्षा आयोजित होगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। एक बैच में अधिकतम 50 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति आवेदन पत्र IHITC कार्यालय, दुर्गापुरा, जयपुर से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 7 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय समय में मोबाइल नंबर 8432231322 पर संपर्क कर सकते हैं। यह प्रशिक्षण शहरी नागरिकों के लिए अपनी छत और घर के आसपास उपलब्ध सीमित स्थान का उपयोग कर स्वस्थ, सुरक्षित और जैविक सब्जियों का उत्पादन सीखने का एक उत्कृष्ट अवसर साबित होगा।













